{"vars":{"id": "127470:4976"}}

Bikaner : स्वाधीनता दिवस समारोह-2026 में बीकानेर की  प्रतिभाओं और पुलिसकर्मियों का होगा सम्मान

 

Rudra News Express Bikaner. 

राजस्थान के राज्य स्तरीय स्वाधीनता दिवस समारोह-2026 में बीकानेर से जुड़े कई लोगों को उनकी विशिष्ट एवं सराहनीय सेवाओं के लिए सम्मानित किया जाएगा। 15 अगस्त को बीकानेर के डॉ. करणी सिंह स्टेडियम में आयोजित होने वाले राज्य स्तरीय समारोह में पुलिस, समाज सेवा और अन्य क्षेत्रों में उल्लेखनीय योगदान देने वालों को पदक एवं प्रशस्ति-पत्र प्रदान किए जाएंगे।

बीकानेर में आयोजित होने वाले राज्य स्तरीय स्वतंत्रता दिवस समारोह के दौरान बीकानेर की दो योग्यतम हस्तियों का भी विशेष सम्मान किया जाएगा। बीकानेर को 100 करोड़ से अधिक राशि की सौगात देने वाले आदरणीय श्री कन्हैया लाल मूंधड़ा जी तथा पिछले 11 वर्षों से प्रत्येक रविवार देश के लिए एक घंटा स्वच्छता अभियान चलाने वाले 'अवर फॉर नेशन' के टीम लीडर सुधीश शर्मा जी को माननीय मुख्यमंत्री महोदय द्वारा सम्मानित किया जाएगा।

भंवर सिंह और नरेंद्र सिंह को राष्ट्रपति पुलिस पदक : 

बीकानेर में तैनात श्री भंवर सिंह, कम्पनी कमांडर, तृतीय बटालियन आरएसी, बीकानेर तथा श्री नरेंद्र सिंह, उप निरीक्षक पुलिस, एजीटीएफ, सीआईडी (सीबी), पुलिस मुख्यालय जयपुर को राष्ट्रपति पुलिस पदक से सम्मानित किया जाएगा।

इसके अलावा बीकानेर के हेड कांस्टेबल कानाराम जाखड़, पुलिस काउंसलिंग एवं सहायता केंद्र, बीकानेर और हेड कांस्टेबल देवकरण, तृतीय बटालियन आरएसी, बीकानेर को भी पुलिस पदक प्रदान किया जाएगा।

समाज सेवा के लिए बीकानेर के तीन नाम : 

लोक कला, आर्टिजन्स, सामाजिक, खेल एवं अन्य क्षेत्रों में सराहनीय सेवाओं के लिए जारी प्रशस्ति-पत्र सूची में बीकानेर के तीन नाम शामिल हैं।

कन्हैया लाल मूंधड़ा को समाज सेवा के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान के लिए प्रशस्ति-पत्र दिया जाएगा। वे नापासर क्षेत्र से जुड़े हैं।

वहीं सुधीश कुमार शर्मा, अमरसिंहपुरा, बीकानेर को भी समाज सेवा के क्षेत्र में उल्लेखनीय कार्य के लिए सम्मानित किया जाएगा।

बीकानेर से जुड़े दीप सिंह शेखावत को जल संरक्षण के क्षेत्र में सराहनीय सेवाओं के लिए प्रशस्ति-पत्र प्रदान किया जाएगा। वे बड़नगर, पावटा, जिला कोटपूतली-बहरोड़ के निवासी हैं।

अन्य क्षेत्रों की प्रतिभाओं का भी सम्मान : 

प्रशस्ति-पत्र पाने वालों में चित्रकला के लिए डॉ. जगमोहन माथोडिया, समाज सेवा के लिए डॉ. अरविंदर सिंह, पक्षी संरक्षण के लिए सेवा राम, शिल्प कला के लिए बादशाह मियां, पर्वतारोहण के लिए मनस्वी अग्रवाल और पैरा शूटिंग के लिए सृष्टि अरोड़ा शामिल हैं।

राज्य स्तरीय समारोह में प्रशासनिक एवं अन्य सेवाओं में उल्लेखनीय योगदान के लिए लोक बंधु, आईएएस एवं जिला कलक्टर अजमेर सहित नौ अधिकारियों-कर्मचारियों को योग्यता प्रमाण-पत्र भी प्रदान किए जाएंगे।

कारागार विभाग में विशिष्ट सेवा के लिए उपाधीक्षक रमाकांत शर्मा तथा सराहनीय सेवा के लिए योगेश तेजी, लोकोज्जवल सिंह और सुगर सिंह गुर्जर को राष्ट्रपति सुधारात्मक सेवा पदक प्रदान किया जाएगा।