Bikaner: शराब से भरी गाड़ी पकड़ी, पंचायत चुनाव पर सख्ती!
Rudra News Express Bikaner.
पंचायत राज चुनाव के बीच आबकारी विभाग ने अवैध शराब के खिलाफ बड़ा अभियान छेड़ा है। इसी कड़ी में बीकानेर की आबकारी टीम ने महिंद्रा बोलेरो गाड़ी को रोककर तलाशी ली जिसमें अवैध देशी शराब मिली। मौके से 288 पव्वे देशी शराब बरामद कर वाहन जब्त कर लिया और चालक को गिरफ्तार किया है।
जिला आबकारी अधिकारी संजीव कुमार पटवारी के अनुसार, आबकारी आयुक्त नमित मेहता के निर्देश पर उपायुक्त प्रताप सिंह चुंडी के नेतृत्व में कार्रवाई की गई। टीम ने रेड गश्त के दौरान बरजांगसर गांव में सांडवा (चूरू) की ओर से आ रही महिंद्रा बोलेरो की तलाशी ली जिसमें अवैध शराब पाई गई। कार्रवाई के दौरान चालक देवी सिंह पुत्र भीम सिंह, निवासी बरजांगसर, पुलिस थाना श्रीडूंगरगढ़, जिला बीकानेर को गिरफ्तार किया गया।
आबकारी विभाग ने आरोपी के खिलाफ राजस्थान आबकारी अधिनियम की धारा 19/54 एवं 54ए के तहत मामला दर्ज कर वाहन जब्त कर लिया है। विभाग के अनुसार, मामले में एफआईआर दर्ज कर आगे का अनुसंधान जारी है।
जिला आबकारी अधिकारी ने कहा है कि पंचायत राज संस्थाओं के आम चुनाव-2026 की आचार संहिता के मद्देनजर अवैध मदिरा की बिक्री और परिवहन पर प्रभावी रोक लगाने के लिए आगे भी रेड गश्त और निरोधात्मक कार्रवाई जारी रहेगी।