{"vars":{"id": "127470:4976"}}

Bikaner Congress के नेताओं ने सीएम के सामने प्रदर्शन का अल्टीमेटम दिया, कलेक्टर को ज्ञापन

 

Rudra News Express Bikaner.

बीकानेर शहर की बदहाल सड़कों और खुले चैंबरों को लेकर कांग्रेस ने प्रशासन को अल्टीमेटम दिया है। कांग्रेस ने चेतावनी दी है कि यदि 13 अगस्त तक बीकानेर के प्रमुख बाजारों और मुख्य सड़कों की हालत नहीं सुधारी गई तो स्वतंत्रता दिवस के मुख्य कार्यक्रम में बीकानेर आ रहे मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा को ‘बदहाल बीकानेर’ लिखे पोस्टर दिखाकर विरोध किया जाएगा।

शहर जिला कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष एवं पीसीसी सदस्य यशपाल गहलोत के नेतृत्व में कांग्रेस प्रतिनिधिमंडल ने बुधवार को जिला कलेक्टर को ज्ञापन सौंपा। गहलोत ने आरोप लगाया कि सरकार के आवागमन वाले मार्गों को तो प्राथमिकता से सुधारा जा रहा है, लेकिन शहर के प्रमुख बाजारों और आम जनता की रोजाना आवाजाही वाली सड़कें बदहाल हैं।

कांग्रेस ने कोटगेट, स्टेशन रोड से सांखला फाटक, सादुल सिंह सर्किल से प्रेमजी प्वाइंट, अंबेडकर सर्किल से अस्पताल रोड, अस्पताल रोड से अग्रसेन सर्किल और पंचशती सर्किल से रोटरी चौराहे तक की सड़कों की खराब स्थिति का मुद्दा उठाया।

गहलोत ने कहा कि कोटगेट जैसे शहर के प्रमुख स्थल पर खुले चैंबर और टूटी सड़क बीकानेर की बदहाली की तस्वीर पेश कर रहे हैं। उन्होंने सवाल उठाया कि जब कलेक्टर कार्यालय के पास सड़क बनाई जा सकती है तो फोर्ट डिस्पेंसरी की ओर जाने वाली टूटी सड़क को क्यों नहीं सुधारा जा रहा। कांग्रेस के ज्ञापन पर जिला कलेक्टर ने मुख्य बाजारों और प्रमुख सड़कों को जल्द दुरुस्त कराने का आश्वासन दिया है।