{"vars":{"id": "127470:4976"}}

Bikaner Congress: प्रहलाद सिंह मार्शल लगातार चौथी बार बने संगठन महासचिव, कईयों को दोबारा मौका

 

Rudra News Express Bikaner.

राजस्थान प्रदेश कांग्रेस कमेटी ने प्रदेशाध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा के अनुमोदन के बाद बीकानेर देहात जिला कांग्रेस कमेटी की नई कार्यकारिणी घोषित कर दी है। प्रदेश कांग्रेस के संगठन महासचिव ललित तुनवाल द्वारा जारी सूची में विशनाराम सियाग को जिला अध्यक्ष बनाया गया है।

नई कार्यकारिणी में प्रहलाद सिंह मार्शल को लगातार चौथी बार संगठन महासचिव की जिम्मेदारी सौंपी गई है। वहीं कई पुराने पदाधिकारियों को संगठन में दूसरी बार भी स्थान दिया गया है, जिससे अनुभव और संगठनात्मक संतुलन बनाए रखने का प्रयास किया गया है।

कार्यकारिणी में ओमप्रकाश मूंडड़ा को कोषाध्यक्ष बनाया गया है। इसके अलावा 10 उपाध्यक्ष, 15 महासचिव, 20 सचिव, दो प्रवक्ता तथा दो सोशल मीडिया प्रभारियों सहित विभिन्न पदों पर नियुक्तियां की गई हैं।

प्रदेश कांग्रेस के आदेश के अनुसार पूर्व जिलाध्यक्ष, सांसद, पूर्व सांसद, विधायक, पूर्व विधायक, ब्लॉक अध्यक्ष, नगर अध्यक्ष, जिला प्रमुख, जिला परिषद सदस्य, नगर निकाय प्रतिनिधि तथा कांग्रेस के विभिन्न प्रकोष्ठों के जिला अध्यक्ष पदेन (Ex-officio) सदस्य के रूप में कार्यकारिणी का हिस्सा होंगे।

सूत्रों के अनुसार बीकानेर शहर जिला कांग्रेस कमेटी की नई कार्यकारिणी भी आज घोषित होने की संभावना है। देहात के बाद अब कांग्रेस कार्यकर्ताओं की नजर शहर संगठन की सूची पर टिकी हुई है।