Bikaner Congress अध्यक्ष मदन गोपाल मेघवाल से मारपीट के साथ ही पूर्व अध्यक्ष यशपाल गहलोत-दीपक अरोड़ा की कथित बातचीत वायरल
Rudra News Express Bikaner.
निकाय चुनाव के बीच बीकानेर कांग्रेस में विवाद थमने के बजाय और गहराता नजर आ रहा है। शहर कांग्रेस अध्यक्ष मदन गोपाल मेघवाल से मारपीट के मामले के बाद अब पूर्व शहर कांग्रेस अध्यक्ष यशपाल गहलोत और पूर्व पार्षद दीपक अरोड़ा की कथित बातचीत का ऑडियो वायरल होने का दावा किया जा रहा है।
वायरल ऑडियो को लेकर सामने आ रही चर्चाओं के अनुसार, बातचीत में टिकट वितरण और सिंबल को लेकर विवाद** का जिक्र है। दावा किया जा रहा है कि दीपक अरोड़ा के पुत्र का नाम कांग्रेस की टिकट सूची में शामिल था। इसी बीच मदन गोपाल मेघवाल पर कथित तौर पर सिंबल चोरी करने का आरोप लगाए जाने की बात भी सामने आई है।
दीपक अरोड़ा ने पुलिस में दिया परिवाद :
मामले में पूर्व पार्षद दीपक अरोड़ा की ओर से पुलिस में परिवाद दिए जाने की जानकारी भी सामने आई है। इसके बाद विवाद ने राजनीतिक रंग ले लिया है और कांग्रेस के स्थानीय नेताओं के बीच अंदरूनी खींचतान खुलकर सामने आ गई है।
बड़े नेताओं की एंट्री, समझाइश के प्रयास :
विवाद बढ़ने के बाद कांग्रेस के बड़े नेताओं की भी एंट्री हुई है। पार्टी के प्रदेश स्तर पर मामले को आपसी समझाइश से सुलझाने के प्रयास किए जाने की चर्चा है। पूर्व मंत्री बी डी कल्ला ने भी नेताओं से बात की है। देहात कांग्रेस अध्यक्ष बिशनाराम सियाग की ओर से मामले में हस्तक्षेप की चर्चा है। पार्टी का प्रयास है कि निकाय चुनाव के दौरान अंदरूनी कलह सार्वजनिक विवाद में तब्दील न हो।
चुनाव शुरू होते ही दूसरी बड़ी फजीहत :
निकाय चुनाव की प्रक्रिया शुरू होते ही बीकानेर कांग्रेस के लिए यह दूसरा बड़ा झटका माना जा रहा है। इससे पहले वार्ड 69 में कांग्रेस की प्रत्याशी का नामांकन खारिज होने के बाद भाजपा प्रत्याशी लीला गहलोत निर्विरोध निर्वाचित हो चुकी हैं। अब मारपीट, टिकट, सिंबल और वायरल ऑडियो के विवाद ने कांग्रेस की चुनावी तैयारियों के बीच नया सियासी संकट खड़ा कर दिया है।
नोट: वायरल ऑडियो और उसमें कही गई बातों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है। इसलिए ऑडियो में सामने आ रहे दावों-आरोपों की Rudra News Express पुष्टि नहीं करता।