Bikaner Crime: देवला का मर्डर प्लान कर रहे RBG गैंग के 24 बदमाश हथियारों सहित गिरफ्तार
Rudra News Express Churu-Bikaner.
बीकानेर रेंज पुलिस ने संगठित अपराध के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए चूरू जिले में सक्रिय RBG गैंग के 24 बदमाशों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 2 अवैध देशी पिस्टल, 29 जिंदा कारतूस, 3 मैगजीन और वारदात में इस्तेमाल किए जाने वाले 7 वाहन (6 बोलेरो कैंपर और 1 स्कॉर्पियो) भी बरामद किए हैं।
महानिरीक्षक पुलिस बीकानेर रेंज ओमप्रकाश ने बताया कि पुलिस मुख्यालय के विशेष अभियान के तहत चूरू पुलिस ने वांछित एवं संगठित अपराधियों, अवैध हथियारों, मादक पदार्थों और सक्रिय गैंगों के विरुद्ध अभियान चलाया। इसी क्रम में चूरू पुलिस अधीक्षक निश्चय प्रसाद एम. तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सुनील कुमार के निकट पर्यवेक्षण में वृताधिकारी राजेन्द्र सिंह के नेतृत्व में विशेष टीम गठित कर कार्रवाई की गई।
आईजी ओमप्रकाश ने बताया कि पुलिस को सूचना मिली थी कि RBG गैंग के सदस्य अपने प्रतिद्वंद्वी देवकरण उर्फ देवला की हत्या की योजना बनाकर भारी संख्या में हथियारों के साथ एकत्र हुए हैं। सूचना मिलते ही पुलिस ने दबिश देकर कार्रवाई की। पूछताछ में यह भी सामने आया कि आरोपी हत्या की वारदात को अंजाम देने की तैयारी कर रहे थे।
पुलिस अधीक्षक निश्चय प्रसाद एम. ने कहा कि कार्रवाई के दौरान 24 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। इनके कब्जे से दो अवैध देशी पिस्टल, 29 जिंदा कारतूस, तीन मैगजीन तथा छह बोलेरो कैंपर और एक स्कॉर्पियो वाहन बरामद किए गए हैं। आरोपियों के खिलाफ संगठित अपराध एवं आर्म्स एक्ट की धाराओं में प्रकरण दर्ज कर जांच की जा रही है।
आईजी ओमप्रकाश ने कहा कि बीकानेर रेंज में संगठित अपराध, गैंगवार और अवैध हथियारों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा। उन्होंने आमजन से भी अपील की कि अपराध, अवैध हथियार या किसी भी आपराधिक गतिविधि की जानकारी तत्काल पुलिस को दें, ताकि समय रहते प्रभावी कार्रवाई की जा सके।