Bikaner: डिप्टी मेयर गहलोत, मेड़तिया, राजपुरोहित निगम आयुक्त से मिले, हर वार्ड में 30 लाख के प्रस्ताव
Rudra News Express Bikaner.
बीकानेर शहर के उप महापौर पंकज गहलोत के साथ पार्षद डॉ. भगवान सिंह मेड़तिया, विक्रम सिंह राजपुरोहित ने निगम आयुक्त से मुलाकात कर प्रत्येक वार्ड में 30-30 लाख रुपए के विकास कार्य करवाने की मांग रखी।
मुलाकात के दौरान शहर के विभिन्न वार्डों में सड़क, सफाई, सीवरेज, प्रकाश व्यवस्था सहित बुनियादी सुविधाओं से जुड़े विकास कार्यों पर विस्तार से चर्चा की गई। पार्षदों ने अपने-अपने वार्डों की स्थानीय आवश्यकताओं और आमजन को हो रही परेशानियों से आयुक्त को अवगत करवाया।
उप महापौर पंकज गहलोत ने कहा कि नगर निगम को तुरंत प्रभाव से सभी 80 वार्ड पार्षदों से निर्माण कार्यों के प्रस्ताव मांगने चाहिए। प्रत्येक वार्ड में 30-30 लाख रुपए के विकास कार्यों की निविदाएं जारी करवाई जाएं, ताकि वार्डों में जरूरी विकास कार्य जल्द शुरू हो सकें।
दावा है कि निगम आयुक्त ने आश्वस्त किया कि सभी पार्षदों से उनके वार्ड की आवश्यकता के अनुसार विकास कार्यों के प्रस्ताव मांगे जाएंगे। प्रस्ताव प्राप्त होने के बाद वार्डवार विकास कार्य शुरू करवाने की प्रक्रिया शीघ्र आगे बढ़ाई जाएगी।
ऐसे में यदि सभी 80 वार्डों में 30-30 लाख रुपए के विकास कार्य स्वीकृत होते हैं तो शहर में कुल 24 करोड़ रुपए के विकास कार्य करवाए जा सकेंगे।