{"vars":{"id": "127470:4976"}}

बीकानेर जिला उद्योग संघ चुनाव: पचीसिया वर्सेज थिरानी! क्या परदे के पीछे है बड़ी राजनीति! 

कांग्रेस नेता थिरानी पूर्व मंत्री कल्ला के समर्थक, पचीसिया कभी रहे हैं कल्ला परिवार के खास!

 

RNE Bikaner. 

बीकानेर में इन दिनों नव संवत्सर पर निकलने वाली धर्मयात्रा के बाद किसी मसले पर सबसे ज्यादा चर्चा है तो वह है बीकानेर जिला उद्योग संघ के 20 मार्च को होने जा रहे चुनाव। हालांकि इन चुनावों से आम लोगों को सीधे तौर पर कोई लेना-देना नहीं है क्योंकि इसमें सिर्फ उद्यमी ही वोटर हैं लेकिन जो दो दावेदार सामने आए हैं उन्हें देखकर हर कोई परदे के पीछे राजनीति होने का अनुमान लगा रहा है।

दरअसल इस बार हो रहे उद्योग संघ चुनाव में वतमान अध्यक्ष द्वारकाप्रसाद पचीसिया को चुनौती देने सुशील थिरानी मैदान में उतरे हैं। ये दोनों उद्यमी रिश्ते में मामा-भांजा है। थिरानी मामा और पचीसिया भांजा। ऐसे में चुनावी मुकाबले में जहां ‘मामा-भांजा’ के चटकारे लिए जा रहे हैं, वहीं इसमें राजनीतिक एंगल पर भी चर्चा चल रही है। यह चर्चा इसलिए क्योंकि सुशील थिरानी बीकानेर शहर कांग्रेस में ब्लॉक अध्यक्ष, उपाध्यक्ष, कोषाध्यक्ष जैसे पदों पर रहे हैं और पूर्व कांग्रेस में पूर्व मंत्री डा.बी.डी.कल्ला के खास समर्थकों में उनकी गिनती होती है।

यहां एक बात यह भी उल्लेखनीय है कि द्वारकाप्रसाद पचीसिया को भी कुछ समय पहले तक कल्ला परिवार के नजदीकी लोगों में माना जाता था। अब उनसे दूरी की चर्चा भी चल रही है। थिरानी के समर्थन में खुलकर आए बीकानेर व्यापार उद्योग मंडल के अध्यक्ष जुगल राठी तथा अध्यक्ष पद के लिए ताल ठोकने वाले विनोद बाफना की थिरानी के समर्थन में नामवापसी ने इस मुकाबले को कड़ा और रोमांचक बनाने के साथ ही परदे के पीछे राजनीति होने के संकेत देती है।
थिरानी ग्रुप की पचीसिया पर चार्जशीट : 
 

अध्यक्ष पद के प्रत्याशी सुशील थिरानी ने प्रेस वार्ता कर चुनाव प्रक्रिया और संगठन की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल उठाते हुए पारदर्शिता की कमी का आरोप लगाया है। रानी बाजार औद्योगिक क्षेत्र स्थित रिद्धि-सिद्धि भवन में आयोजित प्रेस वार्ता में थिरानी ने कहा कि वर्तमान चुनाव प्रक्रिया पारदर्शी और लोकतांत्रिक नहीं है। उन्होंने आरोप लगाया कि पिछले 17 वर्षों से एक ही व्यक्ति संस्था का संचालन कर रहा है, जिससे आम उद्योगपतियों की भागीदारी सीमित हो गई है। उन्होंने यह भी कहा कि दो अलग-अलग मतदाता सूचियां जारी कर मतदाताओं को भ्रमित किया गया, जिससे निष्पक्ष चुनाव पर प्रश्नचिह्न खड़े हो रहे हैं।

उपाध्यक्ष पद के प्रत्याशी विनोद गोयल ने चुनाव प्रक्रिया को संस्था के संविधान के अनुरूप नहीं बताते हुए सुधार की आवश्यकता जताई। वहीं, विनोद बाफना ने बिजली, परिवहन लागत और मूलभूत सुविधाओं की कमी को उद्योग के विकास में बाधा बताया।

जुगल राठी का समर्थन : 

बीकानेर व्यापार उद्योग मंडल के अध्यक्ष जुगल राठी ने संगठन में वर्षों से चली आ रही व्यक्तिवाद की परंपरा खत्म कर नए नेतृत्व को मौका देने की बात कही। उन्होंने सुशील थिरानी और उनकी टीम को पूर्ण समर्थन देने की घोषणा की।

बाफना ने नाम वापस लिया : 

चुनाव से ठीक पहले अहम घटनाक्रम में अध्यक्ष पद के प्रत्याशी विनोद बाफना ने अपना नाम वापस लेते हुए सुशील थिरानी को समर्थन दे दिया। सुशील थिरानी ने बाफना के निर्णय का स्वागत करते हुए कहा कि यह कदम संगठन में सकारात्मक बदलाव की दिशा में महत्वपूर्ण साबित होगा। उन्होंने सभी को साथ लेकर पारदर्शी व्यवस्था स्थापित करने का भरोसा दिलाया।

पचीसिया बोले-सब जानते हैं, मैं काम कर रहा हूँ : 

दूसरी ओर संघ के वर्तमान अध्यक्ष डी पी पचीसिया ने आरोपों को नकारा। विरोध करने वालों पर कुछ भी कहने से इनकार करते हुए कहा, सब जानते हैं कि बीकानेर जिला उद्योग संघ ने पिछले 15-17 सालों में कितना रचनात्मक काम किया है। हमें राजनीति नहीं करनी हैं व्यापार और उद्यम के साथ-साथ शहर की भलाई के लिए भी काम करना है। अच्छी बात यह है कि बड़ी तादाद में उद्यमी नकारात्मकता से दूर हैं और पॉजिटिव काम करने वालों का साथ दे रहे हैं। उन्होंने विरोध में बन रहे चुनावी तालमेल के पीछे राजनीति होने से इनकार नहीं किया। 

उम्मीदवारों की अंतिम सूची जारी, 20 को मतदान : 
 

दूसरी ओर नामांकन वापसी की प्रक्रिया पूरी होने के बाद मुख्य चुनाव अधिकारी एडवोकेट अजय पुरोहित ने अंतिम उम्मीदवारों की सूची जारी कर दी है। अब 20 मार्च 2026 को सुबह 9 बजे से शाम 4 बजे तक मतदान कराया जाएगा।
 

एडवोकेट पुरोहित ने बताया कि 1 अध्यक्ष पद, 2 उपाध्यक्ष पद एवं 14 कार्यकारिणी सदस्य पद  के लिए मतदान होगा। मतगणना मतदान समाप्ति के तुरंत बाद शुरू कर परिणाम घोषित किए जाएंगे। मुख्य चुनाव अधिकारी अजय पुरोहित ने बताया कि चुनाव प्रक्रिया को सुचारू रूप से सम्पन्न कराने के लिए एम.एम. मूंधड़ा, विनोद जोशी और दिनेश गहलोत को सहायक चुनाव अधिकारी नियुक्त किया गया है।

जानिए किस पद पर किनमें टक्कर : 
 

अध्यक्ष पद पर द्वारकाप्रसाद पचीसिया और सुशील थिरानी अंतिम उम्मीदवार के रूप में मैदान में हैं। ऐसे में इनमें सीधी टक्कर है। इसी तरह उपाध्यक्ष पद के लिए चार उम्मीदवार चुनाव मैदान में हैं। इनमें अशोक सुराणा, नरेश मित्तल, विनोद बाफना और विनोद गोयल शामिल हैं। कार्यकारिणी सदस्य पद के लिए बड़ी संख्या में

उम्मीदवार मैदान में हैं, जिनमें 
 

आनंद गांधी, अरविंद चौधरी, अशोक गहलोत, दिलीप रंगा, के.के. मेहता, कमलचंद बोथरा, किशनलाल बोथरा, मनोज चांडक, नरेश गोयल, निर्मल पारख, पारस डागा, पवन किशोर चांडक, राजकुमार चांडक, राजाराम सारडा, राजेश आचार्य, राकेश चलाना, राकेश कोचर, राकेश कुमार जाजू, शांतिलाल भूरा, शिवरतन पुरोहित, श्यामसुन्दर सोनी, शुभम राठी, सुरेंद्र बांठिया, वेदप्रकाश अग्रवाल, विजय जैन, विमल चौरड़िया, विनोद भादू एवं वीरेंद्र किराडू आदि शामिल हैं।