{"vars":{"id": "127470:4976"}}

Bikaner Fake Currencies: बोलेरो में 65 लाख के नकली नोट मिले, श्रीडूंगरगढ़ के 2 गिरफ्तार

 

RNE ShriDungargarh-Bikaner.

 

बीकानेर जिले के श्रीडूंगरगढ़ थाना क्षेत्र में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए करीब 65 लाख रुपये के नकली नोटों का जखीरा बरामद किया है। मामले में दो युवकों को गिरफ्तार किया गया है, जबकि नकली नोटों के नेटवर्क का मुख्य सरगना अभी पुलिस की पकड़ से बाहर है।

 

श्रीडूंगरगढ़ थानाधिकारी कश्यप सिंह राघव ने बताया कि संदिग्ध गतिविधियों की सूचना के बाद पुलिस विशेष निगरानी कर रही थी। कालू रोड पर नाकाबंदी के दौरान एक बोलेरो वाहन को रोककर तलाशी ली गई। वाहन में रखे बैगों से 500-500 रुपये के नोटों की गड्डियां बरामद हुईं। जांच के दौरान नोट नकली पाए गए।

पुलिस ने मौके से महेंद्र उर्फ मनोज पुत्र सीताराम गोदारा निवासी धोलिया और ओमप्रकाश पुत्र विजयपाल नैण निवासी जेतासर को गिरफ्तार कर लिया। दोनों आरोपी श्रीडूंगरगढ़ क्षेत्र के निवासी हैं।

पुलिस के अनुसार नकली नोटों की गड्डियों को असली दिखाने के लिए प्रत्येक गड्डी के ऊपर और नीचे एक-एक असली नोट लगाया गया था, जिससे पहली नजर में पूरी गड्डी असली प्रतीत हो रही थी।

प्रारंभिक पूछताछ में सामने आया है कि आरोपी बड़ी मात्रा में नकली नोटों को बाजार में खपाने की तैयारी कर रहे थे। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि नकली नोट कहां से लाए गए और इन्हें किन क्षेत्रों में चलाने की योजना थी।

मामले की जांच जारी है। पुलिस का मानना है कि पूछताछ में इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों के नाम भी सामने आ सकते हैं। वहीं मुख्य सरगना की तलाश में विशेष टीमें लगातार दबिश दे रही हैं।