Bikaner : जाली नोट तस्कर रामावतार शर्मा गिरफ्तार : 22 लाख रुपये के नकली नोट प्रकरण में 03 साल से थी तलाश
RNE Bikaner.
बीकानेर पुलिस ने वर्ष 2023 के चर्चित जाली नोट प्रकरण में बड़ी कार्रवाई करते हुए पिछले तीन वर्षों से फरार चल रहे एक वांछित आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। कोटगेट थाना पुलिस ने आरोपी को पकड़कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे पुलिस रिमांड पर लिया गया है। मामले में उससे गहन पूछताछ और अनुसंधान जारी है।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान रामावतार शर्मा (27) पुत्र मुन्नीराम शर्मा, निवासी सारोठिया, थाना सुजानगढ़ सदर, जिला चूरू के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार रामावतार वर्ष 2023 में दर्ज जाली नोट प्रकरण में नामजद था और उसके अन्य साथियों की गिरफ्तारी के बाद से लगातार फरार चल रहा था।
22.02 लाख रुपये के जाली नोट बरामद हुए थे :
पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार इस मामले में पूर्व में छह आरोपियों—साहिल खान, प्रदीप सारस्वत, सोनू उर्फ संदीप शर्मा, रामनिवास गोदारा, राहुल सारस्वत तथा बंशीधर उर्फ जॉर्डन—को गिरफ्तार किया जा चुका है। इनके कब्जे से कुल 22 लाख 2 हजार रुपये के जाली नोट बरामद किए गए थे।
इन आरोपियों की गिरफ्तारी के बाद रामावतार शर्मा फरार हो गया था और पिछले तीन वर्षों से पुलिस की पकड़ से बाहर था। लगातार तलाश और तकनीकी अनुसंधान के बाद पुलिस ने उसे गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की।
पूरे नेटवर्क की जांच जारी :
पुलिस का कहना है कि गिरफ्तार आरोपी से पूछताछ के आधार पर जाली नोटों के नेटवर्क, सप्लाई चेन और अन्य संभावित आरोपियों के संबंध में जानकारी जुटाई जा रही है। मामले में आगे और गिरफ्तारियां होने की संभावना से भी इंकार नहीं किया जा रहा है। पुलिस अधीक्षक मृदुल कच्छावा (आईपीएस) के निर्देश पर चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (शहर) चक्रवर्ती राठौड़ के निर्देशन और नगर वृत्त के पर्यवेक्षण में कोटगेट थानाधिकारी धीरेन्द्र सिंह के नेतृत्व में गठित टीम ने यह कार्रवाई की।