बीकानेर : 38 डॉक्टर्स का सम्मान, ये बोले राज्यपाल गुलाबचंद कटारिया
Rudra News Express Bikaner.
बीकानेर में अंतर्राष्ट्रीय वैश्य महासम्मेलन की ओर से गंगाशहर स्थित हंसा गेस्ट हाउस में चिकित्सक एवं चिकित्सा सेवा सम्मान समारोह आयोजित किया गया। चिकित्सा क्षेत्र में उत्कृष्ट सेवाओं के लिए 38 चिकित्सकों का सम्मान किया गया।
मुख्य अतिथि पंजाब के राज्यपाल एवं चंडीगढ़ के प्रशासक गुलाब चंद कटारिया ने कहा कि मरीज के प्रति चिकित्सक का अच्छा व्यवहार उसकी आधी बीमारी दूर कर देता है। चिकित्सा सेवा में विनम्रता और मानवीय संवेदना जरूरी है। उन्होंने कहा कि किसी चिकित्सक को डॉक्टर बनाने में केवल उसके माता-पिता का योगदान नहीं होता। देश की जनता के खून-पसीने की कमाई से दिए गए टैक्स से मेडिकल कॉलेज और चिकित्सा शिक्षा की व्यवस्था तैयार होती है। ऐसे में चिकित्सकों को अपनी योग्यता और क्षमता का उपयोग देश और समाज की सेवा के लिए करना चाहिए।
वैश्य महासम्मेलन में ये बोले वक्ता :
अंतर्राष्ट्रीय वैश्य महासम्मेलन, बीकानेर के अध्यक्ष विनोद बाफना ने बताया कि समारोह का उद्देश्य चिकित्सा क्षेत्र में उत्कृष्ट सेवाएं देने वाले चिकित्सकों के योगदान को सम्मानित करना और समाज में सेवा भावना को प्रोत्साहित करना है। समारोह के संयोजक विजय बाफना ने कहा कि वैश्य समाज के युवा चिकित्सक अपनी प्रतिभा, मेहनत और सेवाभाव से बीकानेर सहित देश-विदेश में समाज का गौरव बढ़ा रहे हैं। उन्होंने कहा कि चिकित्सकों का सम्मान उनकी सेवा भावना और समाज के प्रति योगदान का सम्मान है।
समारोह में अंतर्राष्ट्रीय वैश्य महासम्मेलन की महिला अध्यक्ष ममता राठी, युवा अध्यक्ष किशन अग्रवाल, महामंत्री किशन लोहिया, कोषाध्यक्ष विनोद धानुका सहित संगठन के पदाधिकारी, पूर्व महापौर नारायण चोपड़ा, समाज के विभिन्न पदाधिकारी, युवा इकाई के सदस्य और बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक एवं समाजबंधु मौजूद रहे।