{"vars":{"id": "127470:4976"}}

Bikaner:  भगवानपुरा में मकान से गहने चोरी, बांदरा बास का लालिया गिरफ्तार, 17 लाख के गहने बरामद

 


RNE Bikaner.

बीकानेर पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल करते हुए चोरी और नकबजनी की वारदातों को अंजाम देने वाले एक शातिर बदमाश को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से करीब 17 लाख रुपये मूल्य के चोरी हुए सोने-चांदी के आभूषण बरामद किए हैं। आरोपी से पूछताछ में कई वारदातों के खुलासे की उम्मीद है। 

पुलिस अधीक्षक मृदुल कच्छावा के निर्देशन में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (शहर) चक्रवर्ती सिंह राठौड़ तथा नगर वृत्ताधिकारी अनुज डायल के सुपरविजन में कोटगेट थाना पुलिस ने यह कार्रवाई की। पुलिस के अनुसार भगवानपुरा बस्ती, गली नंबर-6 स्थित एक मकान में हुई जेवर चोरी के मामले में तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिर की सूचना के आधार पर सावन उर्फ लालू उर्फ लालिया (23) निवासी सांजू, थाना डेगाना, जिला नागौर (हाल निवासी बंदरा बास, बीकानेर) को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई। पूछताछ में आरोपी ने चोरी की वारदात कबूल कर ली। 

पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से पुलिस रिमांड प्राप्त किया गया। उसकी निशानदेही पर करीब 17 लाख रुपये के सोने-चांदी के चोरीशुदा आभूषण बरामद किए गए हैं। 

प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपी आदतन नकबजन है और उसके खिलाफ विभिन्न पुलिस थानों में चोरी एवं नकबजनी के कई मामले दर्ज हैं। पुलिस का कहना है कि आरोपी नशे की लत पूरी करने के लिए चोरी की वारदातों को अंजाम देता था। उससे अन्य मामलों के संबंध में भी गहन पूछताछ की जा रही है। 

पुलिस टीम में थाना प्रभारी निरीक्षक धीरेंद्र सिंह, सहायक उप निरीक्षक प्रवीण, हेड कांस्टेबल सुभाष तथा कांस्टेबल संजय सहित अन्य पुलिसकर्मियों की अहम भूमिका रही। चोरी की इस वारदात का खुलासा करने में कांस्टेबल संजय की विशेष भूमिका बताई गई है।