{"vars":{"id": "127470:4976"}}

Bikaner : मिलिट्री इंटेलिजेंस, CID, CB, कोटगेट पुलिस की संयुक्त कार्रवाई, करीब 650 ग्राम अम्बरग्रीस जब्त, अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत करीब 1 करोड़ रुपए

 

 

 

 

 

 

Rudra News Express Bikaner.

बीकानेर में मिलिट्री इंटेलिजेंस, CID, CB और कोटगेट थाना पुलिस की संयुक्त टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए करीब 650 ग्राम संदिग्ध अम्बरग्रीस (Ambergris) बरामद किया है। पुलिस के अनुसार अंतरराष्ट्रीय बाजार में इसकी कीमत करीब 1 करोड़ रुपए आंकी गई है।

पुलिस ने यह कार्रवाई बीकानेर रेलवे स्टेशन पर की। टीम ने मौके से कुल तीन लोगों को माल सहित डिटेन किया है, जिनमें दो नाबालिग बताए जा रहे हैं। प्रारंभिक पूछताछ में सामने आया है कि अम्बरग्रीस को महाराष्ट्र से बीकानेर लाया गया था।

CO सिटी अनुज डाल ने बताया कि अम्बरग्रीस को आम बोलचाल में ‘व्हेल मछली की उल्टी’ कहा जाता है। यह पदार्थ स्पर्म व्हेल के पाचन तंत्र में बनने वाला दुर्लभ पदार्थ है और इसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत काफी अधिक होती है। पुलिस के अनुसार बरामद माल की कीमत करीब एक करोड़ रुपए है।

पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि अम्बरग्रीस बीकानेर किसे सौंपा जाना था और इसे आगे कहां भेजा जाना था। मामले में डिटेन किए गए लोगों से पूछताछ जारी है तथा बरामद पदार्थ की पुष्टि और आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।


अंबरग्रीस (Ambergris) स्पर्म व्हेल के पाचन तंत्र से जुड़ा एक बेहद दुर्लभ पदार्थ है। इसे आम बोलचाल में कई बार “व्हेल की उल्टी” कहा जाता है, हालांकि वैज्ञानिक रूप से इसे केवल उल्टी कहना पूरी तरह सही नहीं है। यह व्हेल की आंत में अपचित कठोर चीजों, खासकर स्क्विड की चोंच, को घेरकर बनने वाला मोमी पदार्थ माना जाता है।

 

अंबरग्रीस किस काम आता है?

इत्र और परफ्यूम उद्योग: इसका सबसे चर्चित उपयोग महंगे परफ्यूम में फिक्सेटिव के रूप में रहा है। यह खुशबू को लंबे समय तक टिकाए रखने में मदद करता है।

विशेष सुगंध: अंबरग्रीस की अपनी गंध भी विशिष्ट होती है, जो समय के साथ बदलती और परिपक्व होती है।

महंगे परफ्यूम: प्राकृतिक अंबरग्रीस अत्यंत दुर्लभ होने के कारण ऐतिहासिक रूप से लग्जरी परफ्यूमरी में इसकी काफी कीमत रही है।