{"vars":{"id": "127470:4976"}}

Bikaner : स्व. खुमाराम एवं स्व. इंद्र सिंह की प्रथम पुण्यतिथि पर राजकीय नर्सिंग महाविद्यालय, बीकानेर में रक्तदान शिविर आयोजित

नर्सिंग विद्यार्थियों एवं फैकल्टी सदस्यों ने दिया 140 यूनिट रक्त
इंद्र सिंह के परिजनों ने महाविद्यालय में भेंट किये दीवार पंखे 
 

RNE Bianer

राजकीय नर्सिंग महाविद्यालय, बीकानेर में महाविद्यालय के पूर्व छात्र स्वर्गीय खुमाराम एवं स्वर्गीय इंद्र सिंह की प्रथम पुण्यतिथि के अवसर पर श्रद्धांजलि स्वरूप एक स्वैच्छिक रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। शिविर का उद्देश्य समाज में स्वैच्छिक रक्तदान के प्रति जागरूकता बढ़ाना तथा जरूरतमंद मरीजों के लिए सुरक्षित रक्त की उपलब्धता सुनिश्चित करने का संदेश देना था।

कार्यक्रम में मेडिकल कॉलेज, बीकानेर के प्रधानाचार्य एवं नियंत्रक डॉ. सुरेंद्र कुमार, अतिरिक्त प्रधानाचार्य एवं नर्सिंग महाविद्यालय की कार्यालयाध्यक्ष डॉ. रेखा आचार्य तथा राजकीय नर्सिंग महाविद्यालय, बीकानेर के प्राचार्य श्री घनश्याम जांगिड़ ने रक्तदान करने वाले सभी रक्तदाताओं को प्रशस्ति प्रमाण-पत्र प्रदान कर सम्मानित किया तथा उनके इस मानवीय एवं प्रेरणादायी कार्य की सराहना की।

डॉ सुरेंद्र कुमार वर्मा ने अपने संबोधन में कहा कि "रक्तदान महादान" है और प्रत्येक स्वस्थ व्यक्ति को नियमित रूप से स्वैच्छिक रक्तदान करना चाहिए। एक यूनिट रक्त कई जरूरतमंद मरीजों के जीवन को बचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकता है। उन्होंने युवाओं से अधिक से अधिक संख्या में रक्तदान अभियान से जुड़ने का आह्वान किया।
       शिविर में राजकीय नर्सिंग महाविद्यालय के फैकल्टी सदस्यों एवं छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक रक्तदान करते हुए 140 यूनिट रक्त देकर सामाजिक उत्तरदायित्व का परिचय दिया। रक्तदाताओं में सेवा भावना, मानवता और सामाजिक सहयोग की भावना स्पष्ट रूप से दिखाई दी। प्रतिभागियों ने भविष्य में भी ऐसे जनहितकारी आयोजनों में सक्रिय भागीदारी का संकल्प व्यक्त किया।
        कार्यक्रम का शुभारंभ स्व. खुमाराम एवं स्व. इंद्र सिंह को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए किया गया। उपस्थित सभी जनों ने उनके प्रति श्रद्धासुमन अर्पित किए तथा उनके आदर्शों एवं सेवा भावना को आगे बढ़ाने का संकल्प लिया। इस मौके स्व  इंद्र सिंह के परिजनों नर्सिंग महाविद्यालय को 4 दीवार पंखे भेंट किए एवं रक्तदान भी किया ।
         महाविद्यालय प्रशासन ने रक्तदान शिविर को सफल बनाने में सहयोग देने वाले सभी अधिकारियों, संकाय सदस्यों, विद्यार्थियों तथा रक्तदाताओं का आभार व्यक्त किया।