{"vars":{"id": "127470:4976"}}

Bikaner Loot : बाइक सवारों ने धरणीधर के पास मां-बेटी को लूटा, पुलिस कर रही पड़ताल!
 

 

Rudra News Express Bikaner. 

बीकानेर शहर में अपराधियों के हौसले बुलंद हैं। बुधवार देर रात धरणीधर मंदिर के पास बाइक सवार दो युवकों ने मां-बेटी को निशाना बनाते हुए उनका बैग छीन लिया। बैग इतनी जोर से खींचा गया कि महिला सड़क पर गिर गईं और बैग के दोनों हैंडल उनके हाथ में रह गए। आरोपी बैग लेकर बाइक से फरार हो गए।

घटना रमण भवन के आगे की है। पीड़िता रक्षा पुरोहित पत्नी आशीष पणिया ने गंगाशहर थाने में फोन किया। परिवाद देकर कार्रवाई की मांग की है। हालांकि पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपियों की तलाश की, लेकिन दोनों युवक हाथ नहीं आए।

यूं हुआ घटनाक्रम : 

दरअसल बुधवार रात करीब रक्षा पुरोहित अपनी मां के साथ चौतीना कुआं क्षेत्र में भाई दूज मनाकर लौट रही थीं। मां-बेटी धरणीधर मंदिर की ओर जा रही थीं। जैसे ही वे रमण भवन के पास पहुंचीं, पीछे से बाइक पर आए दो युवकों ने मां के हाथ में रखा बैग झपट लिया। इस  जोरदार खींचतान में महिला सड़क पर गिर गईं। बैग के दोनों हैंडल उनके हाथ में ही रह गए, जबकि आरोपी बैग लेकर फरार हो गए।

बेटी पीछे भागी, लोग भी दौड़े : 

बैग छीनकर भाग रहे युवकों के पीछे रक्षा भी दौड़ीं। आसपास मौजूद कुछ लोगों ने भी आरोपियों का पीछा किया, लेकिन वे बाइक से भागने में सफल रहे। मां-बेटी ने घटनास्थल से ही पुलिस को फोन कर सूचना दी। गंगाशहर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और आसपास के क्षेत्र में तलाश की, लेकिन आरोपियों का पता नहीं चल सका।

इतनी लूट, बढ़ सकता था खतरा : 

प्राप्त जानकारी  के अनुसार, बैग में चांदी की पायल सहित कुछ आभूषण, 6 हजार रुपए नकद और घरेलू सामान रखा हुआ था। पीड़िता की ओर से पुलिस को परिवाद दिया गया है। हालांकि छीनझपटी में महिला गिर गई लेकिन कोई गंभीर चोट लगने की जानकारी नहीं आई है। इस वारदात में चोटिल होने का खतरा भी कम नहीं था। पुलिस सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। 

इस रोड पर आए दिन हो रही वारदातें :

यहाँ के बाशिंदों का कहना है कि इस रोड पर आए दिन चोरी, छीनाझपटी, नशाखोरी कर हुड़दंग मचाने जैसी वारदातें आए दिन होती रहती है। स्थानीय लोगों ने पूर्व में पुलिस चौकी की मांग भी उठाई थी। पूर्व उप महापौर अशोक आचार्य का कहना है, यहाँ पुलिस का सीओ कार्यालय खोलने की बात भी हुई लेकिन अब तक सकारात्मक निर्णय नहीं हो पाया है।