Bikaner Mayor : कांग्रेस के 42, भाजपा के 27… फिर भी BJP को बाजी पलटने की उम्मीद! क्या कांग्रेस में भागदौड़!!
मधु आचार्य ' आशावादी '
बीकानेर नगर निगम में कांग्रेस को हालांकि बहुमत मिल गया है और उनका मेयर बनना लगभग तय है। मगर भाजपा ने भी अब तक उम्मीद नहीं छोड़ी है और उसे भी जोड़तोड़ से सफलता की उम्मीद बंधी हुई है। भाजपा का सोचना है कि मेयर चुनाव में अब भी ट्विस्ट आ सकता है। उसे निर्दलीयों व कांग्रेस पार्षद दल में सेंध की उम्मीद है।
मेयर चुनाव में ट्विस्ट की उम्मीद पाली है भाजपा ने, इस कारण अभी तक भी उसने अपने पार्षदों की बाड़ेबंदी समाप्त नहीं की है। जबकि भाजपा के अपने केवल 27 पार्षद है, बहुमत के लिए 41 पार्षद चाहिए। बहुमत से भाजपा 14 पार्षद दूर है और इतने पार्षदों की व्यवस्था आसान तो नहीं लगती। भाजपा के कुछ पार्षदों का कहना है कि निर्दलीय व कांग्रेस के कुछ पार्षद उनके संपर्क में है।
दूसरी तरफ कांग्रेस के नेता पूर्व मंत्री बी डी कल्ला व शहर कांग्रेस अध्यक्ष मदन मेघवाल का कहना है कि कांग्रेस आसानी से अपना बोर्ड बनाएगी, क्योंकि पार्टी के पास पूरा बहुमत है और कुछ निर्दलीयों का भी समर्थन हासिल है। भाजपा की बाड़ेबंदी व दावों पर तंज करते हुए इन नेताओं ने कहा है कि भाजपा को डर है, कहीं उनके नाराज पार्षद उनको छोड़कर न भाग जायें। कांग्रेस का समर्थन न कर दें, इस कारण बाड़ेबंदी की हुई है।
कांग्रेस : कल्ला-बांठिया कर सकते हैं नामांकन
वही दूसरी तरफ कांग्रेस की ओर से भी दो लोग मेयर के लिए नामांकन दाखिल कर सकते हैं। माना जा रहा है कांग्रेस की तरफ से अनिल कल्ला व दिलीप बांठिया नामांकन दाखिल कर सकते हैं। जिसकी पूरी तैयारी कर ली गयी है।
आरम्भ में यह समाचार आया था कि पार्षद नवरतन डागा मेयर के उम्मीदवार के नाम से सहमत नहीं है और वे जैसलमेर की बाड़ेबंदी छोड़कर बीकानेर आ गए हैं। इस अफवाह के बाद डागा को वीडियो जारी कर स्पष्ट करना पड़ा कि वे अपने पिता की तबीयत खराब होने के कारण पार्टी अध्यक्ष की अनुमति से आये हैं। वे पार्टी के साथ है और हर निर्णय का सम्मान करेंगे।
भाजपा कर रही है अब भी कोशिश :
सूत्रों की जानकारी के अनुसार भाजपा मेयर पद के लिए अब भी गंभीर है और व्यक्तिगत स्तर पर पार्षदों के माध्यम से प्रयास कर रही है कि कुछ निर्दलीय व कांग्रेस के पार्षद जुट जाएं। इस कारण उन पार्षदों को छूट मिली है जो इस बात का दावा कर रहे हैं कि वे कुछ पार्षद भाजपा खेमे में ला सकते हैं। उन्होंने अपने घोड़े भी दौड़ाने शुरू कर दिए है।
जैसी खबरें हैं उसके अनुसार आज भाजपा की तरफ से वार्ड 8 से चुनाव जीते भगवान सिंह मेड़तिया मेयर के लिए अपना नामांकन दाखिल कर सकते हैं। मेड़तिया फायर ब्रांड नेता है और अन्य दूसरे दल के पार्षदों से भी उनके घनिष्ठ संबंध है। उनके नामांकन की बात इस कारण कही जा रही है, क्योंकि पर्चे को लिया गया है और भरने की अन्य तैयारियां की गई है। यह भी कहा जा रहा है कि वार्ड 13 के भाजपा पार्षद सुरेंद्र सिंह शेखावत भी मेयर के लिए पर्चा दाखिल कर सकते हैं।