बीकानेर नगर निगम के महापौर का चुनाव कल 21 सितम्बर को, अधिकारियों ने पूरी की निगम में चुनाव की तैयारियां
Sep 20, 2026, 10:54 IST
RNE, BIKANER.
बीकानेर नगर निगम के महापौर का चुनाव कल 21 सितम्बर को होगा। महापौर के लिए कल ही वोट पड़ेंगे और मतदान के तुरन्त बाद मतगणना की जाएगी। महापौर चुनने के लिए निर्वाचित 80 वार्ड पार्षद मतदान करेंगे। इस पद के लिए कांग्रेस के अनिल कल्ला व भाजपा के सुरेंद्र सिंह शेखावत के मध्य सीधा मुकाबला है।
वहीं उप महापौर का चुनाव परसों 22 सितम्बर मंगलवार को होगा। इस चुनाव में भी 80 निर्वाचित पार्षद भाग लेंगे। उप महापौर के मतदान के तुरन्त बाद ही मतगणना होगी। भाजपा और कांग्रेस ने अभी तक उप महापौर के लिए अपने उम्मीदवार घोषित नहीं किये हैं।
नगर निगम में पार्षदों की स्थिति :
- कुल पार्षद - 80
- कांग्रेस पार्षद - 42
- भाजपा पार्षद - 27
- आरएलपी - 1
- निर्दलीय - 10