{"vars":{"id": "127470:4976"}}

Bikaner Municipal Election 2026 : निगम के 80 वार्डों के लिए 05 जगह नामांकन, जानिए किस वार्ड के लिये कहां नामांकन, कौन रिटर्निंग अधिकारी
 

 

Rudra News Express Bikaner. 


बीकानेर जिले में नगरीय निकाय चुनाव की तैयारियां तेज हो गई हैं। नगर निगम बीकानेर के 80 वार्डों सहित जिले की विभिन्न नगर पालिकाओं में वार्ड सदस्यों के नामांकन की प्रक्रिया के लिए रिटर्निंग अधिकारियों और नामांकन केंद्रों का निर्धारण कर दिया गया है। ऐसे में चुनाव लड़ने की तैयारी कर रहे प्रत्याशियों के लिए यह जानना बेहद जरूरी है कि उनके वार्ड का नामांकन किस कार्यालय में होगा।

जिला निर्वाचन अधिकारी (नगर पालिका) निशान्त जैन ने आदेश जारी कर वार्ड सदस्यों के नाम निर्देशन से संबंधित कार्यों के लिए रिटर्निंग अधिकारियों और सहायक रिटर्निंग अधिकारियों के कार्यों का विभाजन किया है। यानी नगर निगम के किसी भी वार्ड से चुनाव लड़ने वाले प्रत्याशी को अपने वार्ड के अनुसार निर्धारित नामांकन केंद्र पर ही नाम निर्देशन पत्र जमा करना होगा।

बीकानेर नगर निगम में 80 वार्ड, 5 नामांकन केंद्र : 

वार्ड संख्या 1 से 20 के लिए अतिरिक्त जिला मजिस्ट्रेट (शहर) श्रीमती रीना को रिटर्निंग अधिकारी नियुक्त किया गया है। इन वार्डों की नाम निर्देशन प्रक्रिया अतिरिक्त जिला मजिस्ट्रेट (शहर) कार्यालय में संपादित होगी। 

वार्ड 21 से 35 के लिए बीकानेर विकास प्राधिकरण के उपायुक्त श्री कुणाल राहड़ को रिटर्निग अधिकारी नियुक्त किया गया है। इन वार्डों की नाम निर्देशन प्रक्रिया बीकानेर विकास प्राधिकरण के नये भवन में होगी। 

वार्ड 36 से 50 के लिए बीकानेर विकास प्राधिकरण के उपायुक्त श्री ऋषि सुधांशु पाण्डे को रिटर्निंग अधिकारी नियुक्त किया है। इन वार्डों की नाम  निर्देशन प्रक्रिया बीकानेर विकास प्राधिकरण के पुराने भवन में संपादित की जाएगी।

वार्ड 51 से 65 के लिए बीकानेर तहसीलदार श्री विवेक चौधरी को रिटर्निग अधिकारी नियुक्त किया है तथा इन वार्डों की नाम निर्देशन प्रक्रिया तहसील कार्यालय बीकानेर में होगी। 

वार्ड 66 से 80 के लिए छत्तरगढ़ के उपखण्ड अधिकारी श्री पवन कुमार को रिटर्निंग अधिकारी नियुक्त किया गया है, इन वार्डों से संबंधित नाम निर्देशन प्रक्रिया सहायक कलेक्टर (शहर) कार्यालय में संपादित होगी।

नोखा - दो जगह होंगे नामांकन : 

नगर पालिका नोखा के 45 वार्डों के लिए दो नामांकन केंद्र निर्धारित किए गए हैं।

वार्ड 1 से 25: उपखण्ड मजिस्ट्रेट नोखा रिटर्निंग अधिकारी होंगे। नामांकन उपखण्ड मजिस्ट्रेट कार्यालय, नोखा में होगा।

वार्ड 26 से 45: तहसीलदार नोखा रिटर्निंग अधिकारी होंगे। नामांकन तहसील कार्यालय, नोखा में होगा।

श्रीडूंगरगढ़ - वार्डों के हिसाब से दो केंद्र : 

श्रीडूंगरगढ़ नगर पालिका के 40 वार्डों के लिए भी दो नामांकन केंद्र बनाए गए हैं।

वार्ड 1 से 20: उपखण्ड मजिस्ट्रेट श्रीडूंगरगढ़, नामांकन उपखण्ड मजिस्ट्रेट कार्यालय में।
वार्ड 21 से 40: तहसीलदार श्रीडूंगरगढ़, नामांकन तहसील कार्यालय में।

लूणकरणसर -SDM और तहसील कार्यालय में नामांकन

वार्ड 1 से 20: उपखण्ड मजिस्ट्रेट लूणकरणसर रिटर्निंग अधिकारी,  नामांकन SDM कार्यालय में।

वार्ड 21 से 35: तहसीलदार लूणकरणसर रिटर्निंग अधिकारी, नामांकन तहसील कार्यालय में।

देशनोक -सभी वार्डों के लिए एक ही केंद्र : 

देशनोक नगर पालिका के वार्ड 1 से 25 के लिए उपखण्ड मजिस्ट्रेट बीकानेर को रिटर्निंग अधिकारी नियुक्त किया गया है। सभी वार्डों की नाम निर्देशन प्रक्रिया नगर पालिका कार्यालय, देशनोक में होगी।

नापासर- नगर पालिका कार्यालय में नामांकन : 

नापासर नगर पालिका के वार्ड 1 से 25 के लिए सहायक कलेक्टर बीकानेर को रिटर्निंग अधिकारी बनाया गया है। प्रत्याशी अपने नामांकन पत्र नगर पालिका कार्यालय, नापासर में जमा करेंगे।

खाजूवाला-उपखण्ड कार्यालय में नामांकन :

खाजूवाला नगर पालिका के वार्ड 1 से 20 के लिए उपखण्ड अधिकारी खाजूवाला रिटर्निंग अधिकारी होंगे। नाम निर्देशन प्रक्रिया उपखण्ड कार्यालय, खाजूवाला में होगी।

27 अगस्त से शुरू होंगे नामांकन : 

राज्य निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार नगरीय निकाय चुनाव के लिए नाम निर्देशन पत्र 27 अगस्त से 31 अगस्त 2026 तक प्राप्त किए जाएंगे। नामांकन पत्र जमा करने का समय सुबह 10:30 बजे से दोपहर 3:00 बजे तक निर्धारित किया गया है।

28 और 30 को छुट्टी

नामांकन अवधि के दौरान 28 अगस्त को रक्षाबंधन और 30 अगस्त को रविवार का अवकाश रहेगा। इसलिए प्रत्याशियों को नामांकन की तारीख तय करते समय इन दोनों दिनों का ध्यान रखना होगा।

प्रत्याशियों के लिए सबसे जरूरी बात

नामांकन भरने से पहले प्रत्याशी अपने वार्ड के अनुसार निर्धारित रिटर्निंग अधिकारी और नामांकन केंद्र की पुष्टि जरूर कर लें। नगर निगम बीकानेर में 80 वार्डों के लिए पांच अलग-अलग केंद्र बनाए गए हैं, जबकि नोखा, श्रीडूंगरगढ़ और लूणकरणसर में दो-दो केंद्र तथा देशनोक, नापासर और खाजूवाला में एक-एक केंद्र निर्धारित किया गया है।