Bikaner Murder of live-in partner : खाजूवाला में लिव-इन-पार्टनर महिला की हत्या कर युवक ने शव जंगल में फेंका, खुद थाने पहुंचा
RNE Bikaner.
बीकानेर जिले के खाजूवाला से हत्या की दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है। एक युवक ने लिव इन में रहने वाली अपनी महिला साथी की हत्या कर उसका शव जंगल में फेंक दिया। इसके बाद खुद थाने पहुंचकर सरेंडर कर दिया।
पुलिस के मुताबिक , 2 अप्रैल दोपहर करीब 1:15 बजे चक 9 डीडब्ल्यूडी स्थित वन विभाग की जमीन पर 35 वर्षीय जसवीर कौर का शव मिला। सूचना मिलते ही खाजूवाला थाना पुलिस और एफएसएल टीम मौके पर पहुंची और साक्ष्य जुटाकर शव को अस्पताल भिजवाया। थानाधिकारी सुरेंद्र प्रजापत ने बताया कि आरोपी हरप्रीत सिंह उर्फ हैप्पी सिंह स्वयं थाने पहुंचा और महिला की हत्या करने की बात स्वीकार की। उसने बताया कि गला दबाकर हत्या करने के बाद शव को जंगल में फेंक दिया।
ढाई साल से लिव-इन में रह रहे थे :
मृतका के भाई बलविंद्र सिंह के अनुसार, जसवीर कौर की शादी पहले 27 केवाईडी में हुई थी, लेकिन बाद में वह पति को छोड़कर हरप्रीत सिंह के साथ रहने लगी थी। दोनों पिछले करीब ढाई साल से लिव-इन रिलेशनशिप में थे और एक साल पहले उनके यहां बेटे का जन्म हुआ था।
परिजनों का आरोप है कि दोनों के बीच लंबे समय से विवाद चल रहा था। हरप्रीत अक्सर जसवीर के साथ मारपीट करता था और जान से मारने की धमकी देता था। छोटे-छोटे झगड़े धीरे-धीरे गंभीर होते गए और आखिरकार हत्या में बदल गए।
मृतका के भाई ने बताया कि घटना से एक दिन पहले जसवीर ने फोन कर बताया था कि आरोपी उनके बेटे को अपने पिता के पास छोड़ने गया है और उसे जान से मारने की धमकी देकर गया है। उसने आशंका जताई थी कि वह लौटकर उसे मार सकता है। भाई बलविंद्र ने आरोप लगाया कि पहले आरोपी ने बच्चे को उससे अलग किया और फिर हत्या कर दी। घटना की जानकारी उन्हें एक अज्ञात व्यक्ति के फोन से मिली।
घटना की सूचना पर डीएसपी अमरजीत चावला सहित पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे। परिजनों की रिपोर्ट पर हत्या का मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस अब पूरे घटनाक्रम की कड़ियों को जोड़ने और साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई में जुटी है।
भाई के अनुसार, करीब छह महीने पहले जसवीर ने 30 हजार रुपए मांगे थे। उसने बताया था कि वे ईंट-भट्ठे पर काम शुरू कर ट्रैक्टर खरीदने की योजना बना रहे हैं।