Bikaner Nagar Nigam Chunav : 452 बूथ, 97 अति संवेदनशील, 1,738 पुलिस बल, 59 मोबाइल पार्टियां, 8 एरिया मजिस्ट्रेट , 75 जवानों की आरएसी रिजर्व कंपनी
Rudra News Express Bikaner.
नगर निगम चुनाव में शांतिपूर्ण और निष्पक्ष मतदान कराने के लिए बीकानेर पुलिस ने सुरक्षा का व्यापक इंतजाम किया है। 9 सितम्बर को होने वाले मतदान के दौरान 1,738 पुलिस अधिकारी-कर्मचारी और होमगार्ड जवान चुनाव ड्यूटी में तैनात रहेंगे। नगर निगम क्षेत्र के 452 मतदान केंद्रों में से 97 को अति संवेदनशील चिन्हित किया गया है। इन केंद्रों पर सामान्य सुरक्षा के अतिरिक्त अलग से पुलिस जाब्ता तैनात रहेगा। पुलिस अधीक्षक मृदुल कच्छावा के निर्देशन में तैयार सुरक्षा व्यवस्था में मतदान केंद्रों के साथ संवेदनशील क्षेत्रों और किसी भी आकस्मिक स्थिति से निपटने के लिए बहुस्तरीय इंतजाम किए गए हैं।
हर बूथ पर पुलिसकर्मी और होमगार्ड :
पुलिस अधीक्षक मृदुल कच्छावा के अनुसार प्रत्येक मतदान केंद्र पर कम से कम एक पुलिसकर्मी और एक होमगार्ड जवान तैनात रहेगा। परिस्थितियों और संवेदनशीलता के आधार पर अतिरिक्त पुलिस बल भी लगाया जाएगा। 97 अति संवेदनशील मतदान केंद्रों पर सामान्य व्यवस्था के अतिरिक्त एक सहायक उप निरीक्षक और चार हेड कांस्टेबल/कांस्टेबल का अलग पुलिस जाब्ता तैनात किया जाएगा।
59 मोबाइल पार्टियां रखेंगी पूरे शहर पर नजर
452 मतदान केंद्रों की निगरानी और किसी भी स्थिति में तत्काल पुलिस प्रतिक्रिया के लिए 59 मोबाइल पार्टियां गठित की गई हैं। प्रत्येक मोबाइल पार्टी में एक सहायक उप निरीक्षक तथा तीन हेड कांस्टेबल/कांस्टेबल तैनात रहेंगे। इनके साथ आवश्यकता के अनुसार अतिरिक्त जाब्ता भी उपलब्ध रहेगा। मोबाइल पार्टियों की निगरानी अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक और सुपरवाइजरी अधिकारियों द्वारा की जाएगी।
8 एरिया मजिस्ट्रेट, हर एक के साथ दो पुलिसकर्मी :
चुनाव के दौरान 8 एरिया मजिस्ट्रेटों के साथ अलग से दो-दो पुलिसकर्मी लगाए गए हैं। इसका उद्देश्य कानून-व्यवस्था से जुड़ी किसी भी स्थिति में तत्काल प्रभावी कार्रवाई करना है। जिला मुख्यालय पर भी आकस्मिक परिस्थितियों से निपटने के लिए 75 जवानों की आरएसी की एक कंपनी रिजर्व रखी गई है। इसके अतिरिक्त पुलिस लाइन और नगर निगम स्तर पर 100 अधिकारियों-कर्मचारियों का रिजर्व बल उपलब्ध रहेगा, जिसे जरूरत पड़ने पर तत्काल संबंधित क्षेत्र में भेजा जा सकेगा।
सोशल मीडिया पर भी निगरानी :
चुनाव के दौरान पुलिस की विशेष शाखा, जिला विशेष टीम और सोशल मीडिया सेल लगातार निगरानी करेंगे। पुलिस ने मतदाताओं से अफवाहों, भ्रामक सूचनाओं और अपुष्ट सोशल मीडिया संदेशों को प्रसारित नहीं करने की अपील की है। किसी भी संदिग्ध गतिविधि, मतदाता को डराने-धमकाने, मतदान प्रक्रिया में व्यवधान या कानून-व्यवस्था बिगाड़ने के प्रयास पर तत्काल और सख्त कानूनी कार्रवाई की चेतावनी दी गई है।
पुलिस की अपील—निडर होकर करें मतदान :
बीकानेर पुलिस ने मतदाताओं से निर्भीक होकर अपने मताधिकार का प्रयोग करने और शांतिपूर्ण मतदान में पुलिस-प्रशासन का सहयोग करने की अपील की है। चुनाव संबंधी संदिग्ध गतिविधि या कानून-व्यवस्था से जुड़ी शिकायत जिला पुलिस कंट्रोल रूम 0151-2206292 पर दी जा सकती है।