{"vars":{"id": "127470:4976"}}

Bikaner Nagar Nigam : पहली साधारण सभा 16 को, मेयर अनिल कल्ला ने कांग्रेस पार्षदों की मीटिंग ली, पूर्व मंत्री बी डी कल्ला, यशपाल गहलोत रहे साथ 

 

Rudra News Express Bikaner. 

बीकानेर नगर निगम के नए बोर्ड की पहली साधारण सभा 16 अक्टूबर को होगी। बीकानेर में नया बोर्ड बनने के साथ ही सफाई व्यवस्था को लेकर हर दिन जिस तरह के प्रदर्शन हो रहे हैं उसे देखते हुए कहा जा सकता है की पहली ही मीटिंग काफी हंगामेदार हो सकती है। इसी को देखते हुए भाजपा-कांग्रेस ने तैयारियां शुरू कर दी है।

नए बोर्ड की पहली साधारण सभा के लिहाज से महापौर अनिल कल्ला ने कांग्रेस पार्षदों के साथ बैठक की। इसमें साधारण सभा के एजेंडे पर  चर्चा करते हुए शहर के विकास, सफाई व्यवस्था, सीवरेज, स्ट्रीट लाइट और अग्निशमन सेवाओं से जुड़े मुद्दों पर विचार-विमर्श किया गया। पूर्व मंत्री डॉ. बीडी कल्ला और पूर्व शहर अध्यक्ष यशपाल गहलोत मीटिंग में कांग्रेस के विधानसभा प्रत्याशी के तौर पर शामिल रहे। दोनों नेताओं ने पार्षदों के साथ अपने अनुभव साझा किए और शहर के हित में मिलकर काम करने का आह्वान किया।

दीपावली से पहले सफाई, सीवरेज, रोशनी पर जोर : 

महापौर अनिल कल्ला ने पार्षदों से कहा कि जनता ने जिस विश्वास के साथ नगर निगम में कांग्रेस का बोर्ड बनाया है, उस पर खरा उतरना सभी की जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि आगामी दीपावली को ध्यान में रखते हुए सफाई, सीवरेज, लाइट और अग्निशमन व्यवस्था जैसे विषयों पर गंभीरता से विचार करना होगा। पार्षदों से आग्रह किया कि वे साधारण सभा में पूरी तैयारी के साथ आएं और जनहित से जुड़े प्रस्तावों को पारित करवाने में सहयोग करें।