Bikaner: अमित शाह को ज्ञापन देने की घोषणा करने वाले NSUI अध्यक्ष को पुलिस ने घर से उठाया
RNE Bikaner.
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के बीकानेर दौरे से पहले राजनीतिक माहौल गर्मा गया है। NSUI ने आरोप लगाया है कि बीकानेर जिलाध्यक्ष श्रीकृष्ण गोदारा को मंगलवार सुबह पुलिस ने उनके घर से उठाकर हिरासत में ले लिया।
NSUI का दावा है कि श्रीकृष्ण गोदारा ने अमित शाह को NEET पेपर लीक, बेरोजगारी और शिक्षा व्यवस्था के मुद्दे पर ज्ञापन देने की घोषणा की थी, जिसके बाद यह कार्रवाई की गई।
संगठन ने इसे “अलोकतांत्रिक कार्रवाई” बताते हुए भाजपा सरकार पर युवाओं की आवाज दबाने का आरोप लगाया है। NSUI नेताओं ने कहा कि पुलिस कार्रवाई से आंदोलन को नहीं रोका जा सकता और संगठन छात्रों के मुद्दों को लगातार उठाता रहेगा।
NSUI की ओर से जारी बयान में कहा गया कि NEET पेपर लीक और शिक्षा व्यवस्था को लेकर सवाल पूछना लोकतांत्रिक अधिकार है। संगठन ने राहुल गांधी के विचारों का उल्लेख करते हुए अन्याय के खिलाफ संघर्ष जारी रखने की बात कही।
वहीं, इस मामले में पुलिस प्रशासन की ओर से फिलहाल कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है। अमित शाह के दौरे को देखते हुए बीकानेर में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है।