Bikaner Panchayat Election : बज्जू, कोलायत, हदां, बीकानेर, बीठनोक पंचायत के 81, जिला परिषद के 11 सदस्यों के लिए चल रहा मतदान
Rudra News Express Bikaner.
पंचायती राज आम चुनाव के दूसरे चरण में बीकानेर जिले की पांच पंचायत समितियों और जिला परिषद सदस्यों के लिए वोटिंग हो रही है। इसी कड़ी में कोलायत विधायक अंशुमान सिंह भाटी ने भारत-पाकिस्तान सीमा के नजदीक अपने पैतृक गांव बरसलपुर के मतदान केंद्र पर वोट डाला और मतदाताओं से लोकतंत्र के इस पर्व में बढ़-चढ़कर भाग लेने की अपील की।
निर्वाचन आयुक्त राजेश्वर सिंह बीकानेर में :
राजस्थान के निर्वाचन आयुक्त राजेश्वर सिंह बीकानेर पहुंचे। उन्होंने जिला कलेक्टर एवं निर्वाचन अधिकारी निशांत जैन के साथ विभिन्न मतदान केंद्रों का निरीक्षण किया। बूथों पर तैनात कर्मचारियों से व्यवस्थाओं की जानकारी लेने के साथ मतदाताओं से भी फीडबैक लिया।
सुबह 10 बजे तक 15.17 प्रतिशत मतदान :
जिले में कुल 3,35,446 मतदाताओं में से 50,901 ने सुबह 10 बजे तक अपने मताधिकार का इस्तेमाल किया। पांच पंचायत समितियों के 81 सदस्यों और जिला परिषद के 11 सदस्यों के निर्वाचन के लिए मतदान हो रहा है। पंचायत समिति क्षेत्रवार मतदान में बीठनोक 19.14 प्रतिशत के साथ सबसे आगे रहा। कोलायत में 16.45, हदां में 15.80 और बीकानेर में 15.74 प्रतिशत मतदान हुआ। बज्जू खालसा में मतदान प्रतिशत 10.98 रहा, जो पांचों क्षेत्रों में सबसे कम है। जिले में 10 बजे तक कुल मतदान 15.17% रहा।
सरपंच-पंच के लिए मतदान कल :
पंचायती राज संस्थाओं के दूसरे चरण में बज्जू, कोलायत, हदां, बीकानेर तथा बीठनोक पंचायत समिति क्षेत्र में मतदान। दूसरे चरण में जिला परिषद के 11 एवं पंचायत समिति के 81 सदस्यों के लिए बुधवार को प्रातः 7 से सायं 6 बजे तक मतदान हो रहा है। गुरुवार को पंच-सरपंच पदों के लिए नामांकन प्रक्रिया होगी तथा इसके अगले दिन शुक्रवार को मतदान होगा। इसके तुरंत बाद मतगणना की जाएगी। अंतिम दिन शनिवार को उप सरपंच पद के निर्वाचन के पश्चात मतदान दलों की वापसी होगी।