Bikaner Police: 23 पुलिस अधिकारी ASI से SI बनेंगे, पदोन्नति के लिए परीक्षा, इंटरव्यू हुए
Rudra News Express Bikaner.
राजस्थान पुलिस मुख्यालय के निर्देशानुसार बीकानेर रेंज में सहायक उप निरीक्षक (ASI) से उप निरीक्षक (SI) पदोन्नति वर्ष 2023-24 के लिए योग्यता परीक्षा एवं साक्षात्कार का आयोजन सोमवार को बीकानेर रेंज मुख्यालय मे हुआ।
पदोन्नति बोर्ड की अध्यक्षता पुलिस महानिरीक्षक (आईजी) ओमप्रकाश ने की। बोर्ड में आरपीटीसी जोधपुर के उप महानिरीक्षक पुलिस देवेंद्र कुमार विश्नोई तथा बीकानेर जिला पुलिस अधीक्षक मृदुल कच्छावा सदस्य के रूप में उपस्थित रहे।
परीक्षा एवं साक्षात्कार के दौरान अभ्यर्थियों के ज्ञान, कार्यकुशलता, नेतृत्व क्षमता और सेवा अभिलेखों का विस्तृत मूल्यांकन किया गया। अधिकारियों ने बताया कि पूरी चयन प्रक्रिया पुलिस मुख्यालय द्वारा निर्धारित मानकों के अनुरूप निष्पक्ष एवं पारदर्शी तरीके से सम्पन्न कराई गई।
बीकानेर रेंज में ASI से SI पदोन्नति के कुल 23 पदों पर चयन किया जाएगा। इनमें 12 सामान्य वर्ग, 4 अनुसूचित जनजाति (ST) तथा 7 अनुसूचित जाति (SC) के पद शामिल हैं।
इस अवसर पर आईजी ओमप्रकाश ने चयनित होने वाले अधिकारियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि वे भविष्य में भी कर्तव्यनिष्ठा, अनुशासन और उत्कृष्ट कार्यशैली के माध्यम से पुलिस विभाग की गरिमा को और अधिक सुदृढ़ करेंगे। कार्यक्रम के अंत में पदोन्नति बोर्ड के अध्यक्ष एवं सदस्यों द्वारा पौधारोपण भी किया गया।