Bikaner Police : सिटी कोतवाली थाने में पुलिस-जन संवाद, मोहर्रम-एकादशी पर शांति बनाए रखने की बात
RNE Bikaner.
मोहर्रम और एकादशी पर्व को देखते हुए सिटी कोतवाली थाना परिसर में सीएलजी सदस्यों, शांति समिति और पुलिस मित्रों की बैठक आयोजित की गई। बैठक का उद्देश्य त्योहारों के दौरान शहर में शांति, सौहार्द और कानून-व्यवस्था बनाए रखने को लेकर आमजन और पुलिस के बीच समन्वय स्थापित करना रहा।
पुलिस अधीक्षक मृदुल कच्छावा के निर्देशानुसार आयोजित बैठक में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (शहर) अनुष्ठा कालिया, नगर वृत्ताधिकारी अनुज डाल, कोटगेट, नयाशहर और सिटी कोतवाली थाना प्रभारियों सहित बड़ी संख्या में सीएलजी सदस्य, शांति समिति के सदस्य और पुलिस मित्र मौजूद रहे।
बैठक में 26 जून को होने वाले मोहर्रम और एकादशी पर्व के दौरान आपसी भाईचारा, सामाजिक सौहार्द और शांति बनाए रखने की अपील की गई। अधिकारियों ने कहा कि सभी नागरिक त्योहारों को सौहार्दपूर्ण माहौल में मनाएं और किसी भी अफवाह या विवादास्पद गतिविधि से दूर रहें।
इस दौरान शांति समिति और सीएलजी सदस्यों ने विभिन्न सुझाव भी दिए, जिन पर पुलिस अधिकारियों ने चर्चा कर आवश्यक कार्रवाई का भरोसा दिलाया। बैठक में शहर में सफाई व्यवस्था, यातायात प्रबंधन और शांति व्यवस्था को बेहतर बनाए रखने पर भी विचार-विमर्श किया गया।
पुलिस अधिकारियों ने कहा कि त्योहारों के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखने में आमजन का सहयोग सबसे महत्वपूर्ण है और पुलिस हर स्थिति पर नजर रखे हुए है।