{"vars":{"id": "127470:4976"}}

Bikaner Police: 75 हजार का इनामी राकेश प्रजापत पंजाब से दबोचा, ड्रोन तस्करी का मास्टरमाइंड, 22 मामलों में वांटेड 

 

Rudra News Express Bikaner.

Bikaner पुलिस ने अंतरराज्यीय नार्को-आर्म्स नेटवर्क के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए 75 हजार रुपये के इनामी बदमाश राकेश प्रजापत को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस के अनुसार आरोपी बीकानेर में हुई 75 करोड़ रुपये की हेरोइन ड्रोन ड्रॉपिंग और 2 अगस्त को खाजूवाला में हुई नार्को-आर्म्स ड्रोन ड्रॉपिंग का मास्टरमाइंड है। लंबे समय से फरार चल रहे आरोपी को पंजाब से जोधपुर की ओर आते समय विशेष टीम ने एक्सप्रेस-वे पर दबोचा। 

जिला पुलिस अधीक्षक मृदुल कच्छावा के निर्देशन में साइबर सेल, जिला स्पेशल टीम और खाजूवाला थाना पुलिस ने कई दिनों तक तकनीकी निगरानी और मुखबिर तंत्र के जरिए आरोपी की गतिविधियों पर नजर रखी। विश्वसनीय सूचना मिलने के बाद टीम ने घेराबंदी कर उसे गिरफ्तार कर लिया। 

पुलिस के अनुसार राकेश प्रजापत पर राजस्थान, पंजाब, गोवा और कर्नाटक सहित विभिन्न राज्यों में 22 आपराधिक मामले दर्ज हैं। उसकी गिरफ्तारी पर बीकानेर रेंज आईजी ने 50 हजार और पाली पुलिस ने 25 हजार रुपये का इनाम घोषित कर रखा था। आरोपी पिछले करीब 13 महीनों से लगातार फरार था और अलग-अलग राज्यों में पहचान बदलकर रह रहा था।  

प्रारंभिक पूछताछ में आरोपी ने बताया कि पंजाब की फरीदकोट जेल में रहने के दौरान उसका संपर्क अंतरराष्ट्रीय नार्को-आर्म्स सिंडिकेट से हुआ। इसके बाद वह ड्रग्स और हथियारों की तस्करी के नेटवर्क में सक्रिय हो गया तथा सीमा पार से आने वाली खेपों को आगे सप्लाई कराने का काम करता था। 

अब पुलिस आरोपी से गहन पूछताछ कर ड्रोन नेटवर्क, हथियार तस्करी और सिंडिकेट से जुड़े अन्य सदस्यों के बारे में जानकारी जुटा रही है। माना जा रहा है कि इस गिरफ्तारी से प्रदेश में सक्रिय बड़े तस्करी नेटवर्क से जुड़े कई अहम खुलासे हो सकते हैं।