{"vars":{"id": "127470:4976"}}

Bikaner : पं. बाबूलाल शास्त्री संस्थान की ओर से सनातन संस्कारों का विशेष प्रशिक्षण शिविर

 
RNE Bikaner.
बीकानेर में पं. बाबूलाल शास्त्री ज्योतिष बोध संस्थान की ओर से बच्चों और युवाओं में सनातन संस्कारों के संवर्धन के उद्देश्य से एक माह का विशेष प्रशिक्षण शिविर शुरू किया गया है। 11 मई से 12 जून तक चलने वाले इस शिविर में ज्योतिष विद्या, विष्णु सहस्त्रनाम तथा गोपाल सहस्त्रनाम पाठ का प्रशिक्षण दिया जाएगा।
किराड़ू गली स्थित रघुनाथ मंदिर में आयोजित शिविर का शुभारंभ वैदिक मंत्रोच्चारण के साथ हुआ। संयोजक ज्योतिर्विद पं. राजेन्द्र किराड़ू ने बताया कि प्रतिदिन शाम को आयोजित होने वाले इस शिविर में 100 से अधिक बच्चों और युवाओं को ज्योतिष, वेद-पुराण और सनातन परंपराओं से जुड़े विभिन्न विषयों का प्रशिक्षण प्रदान किया जाएगा। प्रशिक्षण का दायित्व पंडित प्रहलाद व्यास निभा रहे हैं।
उद्घाटन समारोह में राजस्थान रियल एस्टेट अपीलेट ट्रिब्यूनल के चेयरमैन जस्टिस मदन गोपाल व्यास मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। अपने अध्यक्षीय उद्बोधन में उन्होंने कहा कि ज्ञान भारतीय सनातन संस्कृति का प्रथम दीप है और गुरु-शिष्य परंपरा हमारी सांस्कृतिक विरासत की मूल आत्मा रही है।
जस्टिस व्यास ने पं. बाबूलाल शास्त्री ज्योतिष बोध संस्थान के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि संस्थान पिछले कई वर्षों से सनातन संस्कृति के प्रचार-प्रसार में सक्रिय भूमिका निभा रहा है। उन्होंने संस्थान के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए शिविर से जुड़े सभी सनातन प्रेमियों को साधुवाद दिया।