{"vars":{"id": "127470:4976"}}

Bikaner : बीमार भाई की जगह दूसरे को खड़ा कर रिलीज डीड बनाई, कोर्ट ने शून्य घोषित किया
 

 

Rudra News Express Bikaner. 

बीकानेर के अशोक कुमार कैंसर से पीड़ित थे, अस्पताल में इलाज चल रहा था। दूसरी ओर उनके नाम से दूसरे व्यक्ति को खड़ा कर हक त्याग दस्तावेज तैयार करवा लिया। अदालत ने रिलीज डीड को शून्य माना। पत्नी-बेटियों का 1/6 हिस्सा माना, संपत्ति बेचने और हस्तांतरित करने पर भी लगाई रोक। 

दरअसल बीकानेर शहर के कोचरों के चौक स्थित करोड़ों की संपत्ति से जुड़े अनोखे कानूनी विवाद का फैसला चर्चा का विषय बना हुआ है। प्राप्त जानकारी के मुताबिक एक भाई कैंसर जैसी गंभीर बीमारी से जूझ रहा था और अस्पताल में भर्ती था। आरोप है कि इसी दौरान उसकी जगह किसी दूसरे भाई या व्यक्ति को खड़ा कर संपत्ति के हक त्यागने की रिलीज डीड तैयार करवा ली गई। लगभग आठ साल तक चली कानूनी लड़ाई के बाद अदालत ने इस रिलीज डीड को कूटरचित मानते हुए शून्य घोषित कर दिया। मामले में किरण महात्मा एवं अन्य की ओर से विनोद महात्मा एवं अन्य के खिलाफ वाद दायर किया गया था।

मामला यह है : 

कोचरों के चौक में भोजनशाला के सामने सोहनलाल महात्मा के 263.6 वर्गगज के पुश्तैनी मकान को लेकर विवाद था। वाद के अनुसार, अशोक कुमार महात्मा कैंसर से पीड़ित थे और दिसंबर 2017 में पीबीएम अस्पताल में भर्ती थे। आरोप है कि इस दौरान इलाज के लिए आर्थिक मदद और लोन दिलवाने का भरोसा देकर उनसे खाली कागजों और स्टाम्प पेपर पर हस्ताक्षर करवा लिए गए। इसके बाद 11 दिसंबर 2017 को संपत्ति के हक त्यागने संबंधी रिलीज डीड तैयार करवाई गई। गंभीर आरोप यह है कि अशोक कुमार की जगह किसी दूसरे व्यक्ति को खड़ा कर उनकी पहचान के आधार पर उप पंजीयक कार्यालय में दस्तावेज पंजीकृत करवा दिया गया।

अदालत ने डीड को जीरो घोषित किया :

मामले में प्रतिवादी पक्ष ने रिलीज डीड को पारिवारिक सहमति से तैयार करवाया गया दस्तावेज बताया, जबकि वादिनी पक्ष ने इसे धोखाधड़ी से तैयार करवाने का आरोप लगाया। अदालत ने साक्ष्यों का परीक्षण करने के बाद 11 दिसंबर 2017 की रिलीज डीड (प्रदर्श-20) को कूटरचित माना और इसे वादिनी पक्ष के अधिकारों के संबंध में प्रभावशून्य घोषित कर दिया।

अब पत्नी-बेटियों को मिला हिस्सा : 

अदालत ने 263.6 वर्गगज के मकान में वादिनी संख्या एक सहित तीनों वादिनियों का संयुक्त रूप से 1/6 हिस्सा घोषित किया। उन्हें अपना हिस्सा वास्तविक सीमांकन के आधार पर अलग करवाकर कब्जा प्राप्त करने का अधिकारी भी माना। इसके साथ ही प्रतिवादी पक्ष को पाबंद किया गया है कि संपत्ति की अंतिम डिक्री जारी होने तक मकान को किसी अन्य व्यक्ति के पक्ष में न तो बेचा जाए, न हस्तांतरित किया जाए और न ही उस पर कोई भार या बंधक बनाया जाए।