Bikaner : दाधीच समाज का खास आयोजन, जनगणना के लिए प्रोफॉर्मा का विमोचन!
Rudra News Express Bikaner.
बीकानेर के दधिमथी भवन में मंगलवार को हुए एक विशिष्ट आयोजन में उस प्रपत्र के विमोचन किया गया जिसमें समाज के सभी परिवारों की जनगणना होगी। ट्रस्ट अध्यक्ष योगेंद्र तिवाड़ी ने बताया कि सामाजिक एकता और संगठनात्मक मजबूती के लिए सभी लोगों को एकजुट होना होगा।
तिवाड़ी ने कहा कि आज के बदलते दौर में समाज का एकजुट होना तथा सभी समाज बंधुओं का अद्यतन (अपडेटेड) पारिवारिक डेटाबेस तैयार करना नितांत आवश्यक है। इसी उद्देश्य की पूर्ति के लिए श्री दाधीच ब्राह्मण समाज संपत्ति ट्रस्ट ने समस्त समाज की परिवार जनगणना करने का यह महत्वपूर्ण दायित्व अपने कंधों पर लिया है।
ट्रस्ट पदाधिकारियों ने जानकारी दी कि इस जनगणना अभियान से समाज के प्रत्येक परिवार की शैक्षणिक, सामाजिक एवं आर्थिक स्थिति का सटीक विवरण संकलित हो सकेगा, जिससे भविष्य में समाज के सर्वांगीण विकास, शिक्षा और जनकल्याणकारी योजनाओं के निर्माण में बड़ी सहायता मिलेगी। ट्रस्ट ने समस्त समाज बंधुओं से इस महाअभियान में बढ़-चढ़कर सहयोग करने और अपनी सही जानकारी उपलब्ध कराने की अपील की है।
विमोचन कार्यक्रम में ट्रस्ट सचिव दयानिधि तिवाड़ी, उपाध्यक्ष श्री नारायण जोशी, कोषाध्यक्ष रामदेव ओझा, उप सचिव गोपाल मिश्रा सहित ट्रस्टी वैभव व्यास, कमलजीत मिश्रा, रामेश्वर जोशी, राजेश आसोपा एवं अन्य गणमान्य समाज बंधु उपस्थित रहे।