Bikaner खेलो बीकानेर यूथ गेम्स 3.0 : 3 हजार खिलाड़ियों से गूंजा पुष्करणा स्टेडियम, 18 खेलों में पांच दिन तक होंगे मुकाबले
Rudra News Express Bikaner.
बीकानेर में खेलों के सबसे बड़े आयोजन 'खेलो बीकानेर यूथ गेम्स 3.0' का सोमवार शाम भव्य शुभारंभ हुआ। पुष्करणा स्टेडियम में आयोजित उद्घाटन समारोह में करीब 3 हजार खिलाड़ियों, खेल प्रेमियों और दर्शकों की मौजूदगी ने पूरे माहौल को उत्साह से भर दिया। रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियों, मार्चपास्ट, आतिशबाजी और खेल प्रदर्शनों के बीच शुरू हुए इस महोत्सव में अगले पांच दिनों तक 18 खेलों में रोमांचक मुकाबले होंगे।
नंदलाल जोशी चैरिटेबल फाउंडेशन के तत्वावधान में आयोजित इस खेल महोत्सव का शुभारंभ रंग-बिरंगे गुब्बारे आसमान में छोड़कर और दीप प्रज्वलन के साथ किया गया। इसके बाद खिलाड़ियों के अनुशासित मार्चपास्ट ने समारोह को गरिमामयी बना दिया।
शीतल देवी बनीं आकर्षण :
उद्घाटन समारोह की सबसे बड़ी आकर्षण अर्जुन अवॉर्ड से सम्मानित और विश्वविख्यात पैरा तीरंदाज शीतल देवी रहीं। जन्म से दोनों हाथ नहीं होने के बावजूद पैरों से तीरंदाजी कर विश्व स्तर पर भारत का नाम रोशन करने वाली शीतल देवी के स्टेडियम पहुंचते ही तालियों की गड़गड़ाहट गूंज उठी। खिलाड़ियों और दर्शकों में उनके साथ सेल्फी लेने और तस्वीरें खिंचवाने की होड़ लगी रही। उनकी संघर्षगाथा ने युवा खिलाड़ियों में आत्मविश्वास और खेल के प्रति नई प्रेरणा का संचार किया।
मार्चपास्ट, योग, कुडो और आतिशबाजी ने मोहा मन :
उद्घाटन समारोह में खिलाड़ियों के मार्चपास्ट के साथ योग, कुडो और बॉक्सिंग के आकर्षक प्रदर्शन हुए। शाम ढलते ही रंग-बिरंगी आतिशबाजी ने पूरे पुष्करणा स्टेडियम को रोशनी से जगमगा दिया। सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने भी दर्शकों की खूब वाहवाही बटोरी।
18 खेलों में पांच दिन तक मुकाबले :
आयोजन के दौरान तीरंदाजी, बैडमिंटन, बास्केटबॉल, बॉक्सिंग, क्रिकेट, फुटबॉल, वेटलिफ्टिंग, पावरलिफ्टिंग, शूटिंग, स्केटिंग, स्विमिंग, टेबल टेनिस, टेनिस, वॉलीबॉल, योग, कुडो सहित कुल 18 खेलों की प्रतियोगिताएं शहर के विभिन्न खेल मैदानों पर आयोजित की जाएंगी।
अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ियों का सम्मान :
समारोह के दौरान अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी दयालाराम जाट और प्रांजल तोलिया का सम्मान किया गया। आयोजन समिति ने युवा खिलाड़ियों से इन खिलाड़ियों के प्रदर्शन और संघर्ष से प्रेरणा लेने का आह्वान किया। फाउंडेशन के निदेशक अनिल जोशी ने कहा कि यह आयोजन केवल प्रतियोगिता नहीं, बल्कि बीकानेर की प्रतिभाओं को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय मंच तक पहुंचाने का अभियान है। वहीं निदेशक पूजा आचार्य ने कहा कि हर वर्ष खिलाड़ियों और खेलों की संख्या बढ़ रही है और यह आयोजन अब युवाओं में खेल भावना, अनुशासन और स्वस्थ जीवनशैली का जनआंदोलन बन चुका है।
समारोह में उद्योग, व्यापार, खेल और सामाजिक क्षेत्र से जुड़े अनेक गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। इनमें अविनाश मोदी, देवकिशन चांडक, डी.पी. पच्चीसीया, सुनीत गांधी, सुमति सुराणा, विनोद बाफना, राजेश पारीक, पिंटू राठी, पैरालंपियन श्यामसुंदर स्वामी सहित बड़ी संख्या में खिलाड़ी, प्रशिक्षक, अभिभावक और खेल प्रेमी शामिल हुए।