Bikaner State Boxing Championship : जोधपुर-जयपुर का दबदबा, जानिए फाइनल में किसने, किसको पछाड़ा!
Rudra News Express Bikaner.
बीकानेर के डॉ. करणी सिंह स्टेडियम में चल रही राजस्थान राज्य स्तरीय सीनियर पुरुष एलीट बॉक्सिंग चैंपियनशिप 2026-27 के फाइनल मुकाबलों में जमकर मुक्के चले। प्रतियोगिता के 10 वर्गों में से 03-03 में जयपुर-जोधपुर के मुक्केबाजों ने बाजी मारी। राजस्थान के विभिन्न जिलों से आए मुक्केबाजों ने पूरे दमखम और उत्साह के साथ रिंग में उतरकर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। मुकाबलों के दौरान खिलाड़ियों के बीच कड़ा संघर्ष देखने को मिला।
आयोजन समिति के सचिव राजेन्द्र सिंह राठौड़ ने बताया कि राज्य स्तरीय सीनियर पुरुष एलीट बॉक्सिंग चैंपियनशिप का आज सुबह रोमांचक फाइनल मुकाबलों एवं भव्य समापन समारोह के साथ समापन हुआ।
समापन समारोह के मुख्य अतिथि बीकानेर जिला कलेक्टर श्री निशांत जैन रहे। उन्होंने विजेता एवं उपविजेता खिलाड़ियों को मेडल पहनाकर और ट्रॉफी प्रदान कर सम्मानित किया। इस अवसर पर उन्होंने प्रदेशभर से आए खिलाड़ियों का बीकानेर में स्वागत किया तथा प्रतियोगिता में उनके शानदार प्रदर्शन की सराहना की।
बीकानेर खेलों का नया हब :
इस अवसर पर जिला कलेक्टर निशांत जैन ने कहा कि बीकानेर खेलों का नया हब बनता जा रहा है, यह देखकर बहुत खुशी होती है। जब हमारे यहां के युवा खिलाड़ी प्रदेशभर के प्रतिभाशाली खिलाड़ियों को खेलते और प्रतिस्पर्धा करते हुए देखते हैं, तो उनमें भी आगे बढ़ने और खेलों में बेहतर प्रदर्शन करने का नया जोश पैदा होता है। ऐसे आयोजन युवाओं को खेलों के प्रति प्रेरित करेंगे तथा अधिक से अधिक युवाओं की खेलों में भागीदारी बढ़ाने में सहायक होंगे।
राष्ट्रीय चैंपियनशिप में करेंगे राजस्थान का प्रतिनिधित्व :
आयोजन समिति के सचिव राजेन्द्र सिंह राठौड़ ने बताया कि प्रतियोगिता के सभी दस भार वर्गों के स्वर्ण पदक विजेता मुक्केबाज आगामी 10वीं एलीट पुरुष राष्ट्रीय बॉक्सिंग चैंपियनशिप 2026 में राजस्थान का प्रतिनिधित्व करेंगे। राष्ट्रीय प्रतियोगिता का आयोजन 21 से 27 दिसंबर तक बिहार के पटना स्थित पाटलिपुत्र स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स के इंडोर हॉल में किया जाएगा। उन्होंने बताया कि तीन दिवसीय इस चैंपियनशिप में राजस्थान के विभिन्न जिलों से 200 से अधिक मुक्केबाजों ने भाग लिया। इस मौके पर राजस्थान बॉक्सिंग संघ के सचिव नरेन्द्र कुमार जी निर्वाण, अध्यक्ष धीरेन्द्र सिंह, अन्तर्राष्ट्रीय रेफरी विशाल निर्वाण भी मौजूद रहे ।
ये हैं टूर्नामेंट के बेस्ट बॉक्सर :
आयोजन समिति के अध्यक्ष दानवीर सिंह भाटी ने बताया की बीकानेर में पहली बार आयोजित सीनियर पुरुष राज्य स्तरीय बॉक्सिंग चैंपियनशिप ने स्थानीय खेल प्रतिभाओं को उच्च स्तरीय मुकाबले देखने और उनसे प्रेरणा लेने का अवसर प्रदान किया। प्रतियोगिता का सफल आयोजन बीकानेर में बॉक्सिंग और खेल गतिविधियों को नई पहचान देने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम रहा। टूर्नामेंट के बेस्ट बॉक्सर का अवार्ड झुंझनु के देवेंद्र सिंह को मिला , मोस्ट चेलेंजर बॉक्सर जोधपुर के कपिल को मिला , मोस्ट प्रोमिसिंग बॉक्सर का अवार्ड अजमेर के लोकेंद्र को मिला, ओवरऑल टीम चैंपियनशिप में प्रथम स्थान जोधपुर को मिला वही जयपुर दूसरे स्थान पर रही,
इस मौके पर बीकानेर बॉक्सिंग संघ के अध्यक्ष मकबूल हुसैन सोढ़ा , सचिव योगेश शर्मा , महेन्द्र जी व्यास , भैरू रतन ओझा, हेमंत मोदी, शीशपाल सिंह, पूरण नाथ , मो. जावेद , भूपेश बिदावत, आदि सेंकड़ो खिलाड़ी और खेलप्रेमी मौजूद रहे।