{"vars":{"id": "127470:4976"}}

नागौर में चैंपियन बनी बीकानेर टीम के प्रदर्शन का मिला इनाम, अब नारायणपुर में खेलेंगे नेशनल
 

 

RNE Bikaner

 बीकानेर फुटबॉल क्लब के चार खिलाड़ियों सुजल चारण, आशु सिंह, भरत सिंह और आवेश खान का चयन बी.सी. रॉय जूनियर बालक नेशनल फुटबॉल चैंपियनशिप 2026 के लिए राजस्थान टीम में हुआ है। छत्तीसगढ़ के नारायणपुर में होने वाली राष्ट्रीय प्रतियोगिता में चारों खिलाड़ी राजस्थान का प्रतिनिधित्व करेंगे।

बीकानेर फुटबॉल क्लब के अध्यक्ष उमेश सिंह शेखावत ने बताया कि चारों खिलाड़ियों ने नागौर में आयोजित राज्यस्तरीय जूनियर बालक फुटबॉल प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन किया था। बीकानेर की टीम ने प्रतियोगिता में चैंपियन बनने का गौरव हासिल किया। टीम की खिताबी जीत में सुजल चारण, आशु सिंह, भरत सिंह और आवेश खान का अहम योगदान रहा।

शेखावत ने बताया कि नागौर प्रतियोगिता के दौरान चारों खिलाड़ियों ने अपनी तकनीक, फिटनेस, अनुशासन और टीम भावना से प्रभावित किया। उनके शानदार प्रदर्शन के आधार पर राजस्थान की जूनियर टीम में चयन हुआ है। एक ही क्लब के चार खिलाड़ियों का राज्य टीम में चयन बीकानेर फुटबॉल क्लब के लिए बड़ी उपलब्धि है।

उन्होंने कहा कि यह उपलब्धि खिलाड़ियों की मेहनत के साथ बीकानेर में फुटबॉल प्रतिभाओं को तराशने के लिए किए जा रहे प्रयासों का परिणाम है। अब चारों खिलाड़ी राष्ट्रीय मंच पर राजस्थान की जर्सी में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे।

चारों खिलाड़ियों के चयन पर जिला फुटबॉल संघ के संरक्षक मेघ सिंह राठौड़, देवी सिंह राजवी, अध्यक्ष जितेंद्र सिंह शेखावत, सचिव रहमत अली, पूर्व सचिव अरविंद सिंह राठौड़, जिला ओलंपिक संघ कोषाध्यक्ष राजेंद्र सिंह राठौड़, दानवीर सिंह भाटी, बीकानेर फुटबॉल क्लब सचिव भीम सिंह भाटी, कोषाध्यक्ष परीक्षित स्वामी, आशीष दुबे, कोच देवेंद्र सिंह भाटी, राहुल ओझा, गौतम ओझा, हर्षित सिंह, यशवर्द्धन राजपुरोहित, दीपेंद्र सिंह मोहिल, नीरज चौधरी सहित खेलप्रेमियों और पदाधिकारियों ने बधाई दी।

खेलप्रेमियों ने उम्मीद जताई कि चारों खिलाड़ी राष्ट्रीय प्रतियोगिता में भी शानदार प्रदर्शन कर राजस्थान और बीकानेर का नाम रोशन करेंगे।