Bikaner : व्यापार मंडल, कांग्रेस कार्यालय, आदर्श विद्या मंदिर सहित विभिन्न आयोजनों में गूंजा राष्ट्रभक्ति का संदेश
Rudra News Express Bikaner.
बीकानेर में शनिवार को 80वां स्वतंत्रता दिवस पर शिक्षण संस्थानों, सामाजिक संगठनों, व्यापारिक संस्थाओं और राजनीतिक संगठनों ने ध्वजारोहण, राष्ट्रगान, राष्ट्रगीत तथा सांस्कृतिक कार्यक्रमों के माध्यम से स्वतंत्रता सेनानियों के त्याग और बलिदान को याद किया।
कलेक्टर आवास-कार्यालय में छात्राओं ने गाया वंदे मातरम् :
भारतीय आदर्श विद्या मंदिर, रघुनाथसर कुआं की छात्राओं और आचार्य दीदियों ने बीकानेर जिला कलेक्टर निशांत जैन के निवास स्थान तथा कलेक्ट्रेट कार्यालय में राष्ट्रगीत वंदे मातरम् का सामूहिक गायन किया। छात्राओं की प्रस्तुति ने वातावरण को देशभक्ति से ओत-प्रोत कर दिया।
आदर्श विद्या मंदिर में सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने बांधा समां :
भारतीय आदर्श विद्या मंदिर, रघुनाथसर कुआं में स्वतंत्रता दिवस समारोह का शुभारंभ ध्वजारोहण के साथ हुआ। इसके बाद सामूहिक राष्ट्रगान एवं राष्ट्रगीत का गायन किया गया। विद्यार्थियों ने देशभक्ति गीतों और विभिन्न सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से उपस्थितजनों को मंत्रमुग्ध किया।
समारोह में ‘जल ही जीवन है’ विषय पर पर्यावरण एवं जल संरक्षण का संदेश देने वाला नाटक विशेष आकर्षण रहा। विद्यालय प्रबंध समिति के व्यवस्थापक श्रीवल्लभ जी पुरोहित ने भारतीय शिक्षा दर्शन और विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास पर प्रकाश डालते हुए पंचकोश—अन्नमय, प्राणमय, मनोमय, विज्ञानमय और आनंदमय कोश—के महत्व की जानकारी दी।
प्रधानाचार्य घनश्याम व्यास ने अतिथियों का आभार व्यक्त करते हुए विद्यार्थियों को राष्ट्रसेवा, अनुशासन और उच्च नैतिक मूल्यों को अपनाने के लिए प्रेरित किया। समारोह में सामाजिक कार्यकर्ता आरती जी, सुधीर जी, सीमा जी सहित प्रबंध समिति के पदाधिकारी एवं अन्य अतिथि मौजूद रहे। समापन राष्ट्रगीत और मिष्ठान वितरण के साथ हुआ।
कांग्रेस देहात कार्यालय में बिशनाराम सियाग ने फहराया तिरंगा :
जिला कांग्रेस कमेटी देहात की ओर से सूरज टॉकीज रोड, रानी बाजार स्थित कार्यालय में ध्वजारोहण कार्यक्रम आयोजित किया गया। देहात अध्यक्ष बिशनाराम सियाग ने तिरंगा फहराया और कांग्रेसजनों को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं दीं। राष्ट्रगान के बाद स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों के त्याग और बलिदान को याद किया गया।
सियाग ने संविधान, लोकतंत्र और देश की एकता-अखंडता की रक्षा का संकल्प दोहराते हुए रोजगार, शिक्षा और किसानों की समस्याओं को बड़ी चुनौती बताया। शहर अध्यक्ष मदनगोपाल मेघवाल ने कहा कि स्वतंत्रता दिवस केवल उत्सव नहीं, बल्कि देश के प्रति अपने कर्तव्यों को याद करने का अवसर भी है।
डॉ. राजेन्द्र मूण्ड ने सामाजिक सौहार्द और भाईचारा मजबूत करने का आह्वान किया। कार्यक्रम में जिला संगठन से जुड़े पदाधिकारियों सहित बड़ी संख्या में कांग्रेसजन उपस्थित रहे।
व्यापार उद्योग मंडल ने किया गणमान्यजनों का सम्मान :
बीकानेर व्यापार उद्योग मंडल की ओर से मंडल परिसर में स्वतंत्रता दिवस समारोह उत्साह एवं गरिमापूर्ण वातावरण में आयोजित किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत मां भारती के चरणों में पुष्पांजलि अर्पित कर की गई। इसके बाद डॉ. पिन्टू नाहटा, डॉ. देवेन्द्र अग्रवाल, डॉ. भूपेन्द्र शर्मा, कोटगेट थानाधिकारी विक्रम तिवाड़ी तथा मंडल अध्यक्ष जुगल राठी की उपस्थिति में ध्वजारोहण किया गया। राष्ट्रगान के साथ समारोह आगे बढ़ा।
चिकित्सा एवं पुलिस सेवा में उल्लेखनीय योगदान के लिए डॉ. पिन्टू नाहटा, डॉ. देवेन्द्र अग्रवाल, डॉ. भूपेन्द्र शर्मा और विक्रम तिवाड़ी का शॉल एवं साफा पहनाकर सम्मान किया गया। वरिष्ठ उद्योगपति सुभाष मित्तल और नरपत सेठिया को भी उनके दीर्घकालीन योगदान के लिए सम्मानित किया गया।
मंडल अध्यक्ष जुगल राठी ने कहा कि स्वतंत्रता सेनानियों और वीर सैनिकों के त्याग के कारण देश को आजादी मिली है। अब प्रत्येक नागरिक का दायित्व है कि राष्ट्र की एकता, अखंडता और सामाजिक सौहार्द को मजबूत करने के लिए मिलकर कार्य करे।
वक्ताओं ने राष्ट्रनिर्माण में व्यापार, उद्योग, चिकित्सा और सामाजिक क्षेत्र की भूमिका पर प्रकाश डाला। सचिव संजय जैन सांड ने कहा कि स्वतंत्रता दिवस वीरों के त्याग और बलिदान को याद करने के साथ अपने-अपने क्षेत्र में ईमानदारी, सेवा और राष्ट्रहित की भावना से कार्य करने का संकल्प लेने का अवसर है। कार्यक्रम का संचालन किशन लोहिया ने किया।