{"vars":{"id": "127470:4976"}}

BIKANER : नहर में कूदा चोर, पीछे-पीछे कूद गई पुलिस, फिल्मी अंदाज में दबोचा

ये दोस्तों की मस्ती नहीं, चोर-पुलिस का खेल है.. 
 
गिरफ्तारी से बचने के लिए नहर में लगाई छलांग, पुलिस जवानों ने पानी में उतरकर पकड़ा
RNE Bikaner
सोशल मीडिया पर वायरल हो रही यह तस्वीर पहली नजर में दोस्तों की मस्ती जैसी लग सकती है, लेकिन हकीकत में यह पुलिस और चोर के बीच चले एक रोमांचक पीछा अभियान की तस्वीर है। बीकानेर जिले के खाजूवाला क्षेत्र में लंबे समय से फरार चल रहा चोरी का आरोपी पुलिस को देखते ही अनूपगढ़ शाखा नहर में कूद गया, लेकिन पुलिस टीम ने भी हिम्मत दिखाते हुए नहर में छलांग लगा दी और फिल्मी अंदाज में उसे गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस के अनुसार आरोपी गजेंद्र सिंह उर्फ गज्जू सरसों चोरी के एक मामले में लंबे समय से फरार चल रहा था। उसकी तलाश के लिए सहायक उप निरीक्षक मांगीलाल के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई थी। मुखबिर से सूचना मिलने पर पुलिस ने संभावित ठिकानों पर दबिश दी। इसी दौरान आरोपी पुलिस को देखकर भाग निकला और गिरफ्तारी से बचने के लिए सीधे नहर में कूद गया।

जवानों ने दिखाई बहादुरी
आरोपी को नहर में कूदता देख पुलिसकर्मी भी पीछे नहीं हटे। टीम के जवान तत्काल पानी में उतर गए और काफी दूर तक उसका पीछा किया। कड़ी मशक्कत के बाद आरोपी को नहर के भीतर ही दबोच लिया गया। इस दौरान मौजूद लोगों ने पूरे घटनाक्रम को हैरत से देखा।
गिरफ्तारी के बाद पुलिस आरोपी को थाने लेकर पहुंची और पूछताछ शुरू की। उसकी निशानदेही पर वारदात में इस्तेमाल किया गया वाहन भी बरामद कर लिया गया है।
सरसों चोरी का था मामला :
जानकारी के अनुसार खाजूवाला निवासी सुखदेव नारायण कुमावत ने 31 मार्च 2026 को रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि कृषि मंडी स्थित उसकी दुकान के बाहर रखे सरसों के तीन कट्टे 28-29 मार्च की रात चोरी हो गए थे। मामले की जांच के दौरान पुलिस ने अमित विश्नोई, मंगल सिंह और गजेंद्र सिंह उर्फ गज्जू को आरोपी बनाया था।
पुलिस पहले ही अमित विश्नोई और मंगल सिंह को गिरफ्तार कर चुकी थी, जबकि गजेंद्र सिंह लगातार पुलिस को चकमा देकर फरार चल रहा था।