बीकानेर में दर्दनाक हादसा: प्रसूता को अस्पताल से घर लाते समय नवजात समेत 3 की मौत
Rudra News Express Bikaner.
जिस घर में दो दिन पहले किलकारी गूंजी थी, वहां मातम ने दस्तक दे दी। जिस नवजात को अभी मां की गोद से उतरकर घर की दहलीज पर पहला कदम रखना था, उसकी जिंदगी रास्ते में ही थम गई। प्रसूता को अस्पताल से छुट्टी मिलने के बाद परिवार खुशियों के साथ घर लौट रहा था, लेकिन रास्ते में हुए भीषण सड़क हादसे ने तीन जिंदगियां छीन लीं।
हादसा शनिवार शाम करीब 7 बजे बज्जू थाना क्षेत्र में बीकमपुर मार्ग पर भड़ल गांव के पास हुआ। परिवार की स्विफ्ट कार सामने से आ रही कैंपर जीप से टकराई और टक्कर के कुछ ही क्षण बाद पीछे से आ रही स्कॉर्पियो भी कार में जा घुसी। स्विफ्ट दोनों वाहनों के बीच बुरी तरह पिचक गई। कार में छह लोग सवार थे। हादसे में दो दिन के नवजात समेत तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि प्रसूता सहित तीन लोग गंभीर घायल हो गए।
अस्पताल से घर की खुशी लेकर निकला था परिवार :
फलोदी जिले के मदासर गांव का परिवार बीकानेर अस्पताल से प्रसूता बाधु देवी को छुट्टी मिलने के बाद स्विफ्ट कार से अपने गांव लौट रहा था। परिवार के साथ दो दिन का नवजात भी था। कार में मनीष पुत्र शैलूराम सारण, उनकी बहन और नवप्रसूता बाधु देवी, दो दिन का नवजात, उनकी वृद्ध मां ऐलची देवी, काका के बेटे रिछपाल और रिछपाल की पत्नी मंजू देवी सवार थे। घर लौटने की खुशी थी। लेकिन भड़ल गांव के पास कुछ ऐसा हुआ कि खुशियों से भरी कार देखते ही देखते मौत का वाहन बन गई।
आगे कैंपर, पीछे स्कॉर्पियो... बीच में पिस गई स्विफ्ट :
बज्जू से करीब 30 किलोमीटर दूर बीकमपुर की ओर भड़ल गांव के पास स्विफ्ट की सामने से आ रही कैंपर जीप से सीधी भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि स्विफ्ट बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। इससे पहले कि संभलने का मौका मिलता, पीछे से आ रही स्कॉर्पियो भी कार में जा भिड़ी। यानी आगे कैंपर और पीछे स्कॉर्पियो के बीच स्विफ्ट फंस गई। कार में सवार सभी छह लोगों को गंभीर चोटें आईं।
बज्जू अस्पताल में एक ने दम तोड़ा :
हादसे के बाद घायलों को बज्जू उपजिला अस्पताल पहुंचाया गया। वहां रिछपाल पुत्र बुधराम ने दम तोड़ दिया। नवजात, प्रसूता बाधु देवी, ऐलची देवी और मंजू देवी की गंभीर स्थिति को देखते हुए उन्हें बीकानेर के पीबीएम अस्पताल रेफर किया गया। बीकानेर ले जाते समय दो दिन के नवजात और ऐलची देवी ने रास्ते में ही दम तोड़ दिया। दोनों को वापस बज्जू लाया गया और शव मोर्चरी में रखवाए गए। इस तरह हादसे में मृतकों की संख्या बढ़कर तीन हो गई। प्रसूता बाधु देवी सहित अन्य घायलों का इलाज जारी है।
बज्जू थानाधिकारी चंद्रजीत सिंह भाटी के अनुसार पुलिस ने घटनास्थल पर पहुंचकर दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को सड़क से हटवाया और हादसे के कारणों की जांच शुरू की। मनीष पुत्र शैलूराम की लिखित शिकायत पर एफआईआर दर्ज की गई है। मृतकों के पोस्टमार्टम की कार्रवाई की जा रही है।