Bikaner: ट्रांसपोर्टर्स ने अशोक गहलोत को बताया, 03 दिन का सफर 10 दिन में पूरा हो रहा!
RNE Bikaner.
राजस्थान के पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत से बीकानेर ट्रांसपोर्ट एसोसिएशन के पदाधिकारियों ने मुलाकात कर परिवहन व्यवसाय से जुड़ी गंभीर समस्याओं पर विस्तृत चर्चा की।
कांग्रेस नेता नगेंद्रपाल सिंह शेखावत के मुताबिक प्रतिनिधिमंडल ने गहलोत को बताया कि परिवहन विभाग द्वारा “सर्वर डाउन” का हवाला देकर भारी मालवाहक ट्रकों के परमिट समय पर जारी नहीं किए जा रहे हैं। साथ ही अंडरलोड वाहनों को भी ओवरलोड बताकर जबरन चालान काटे जा रहे हैं, जिससे ट्रांसपोर्ट कारोबार प्रभावित हो रहा है।
एसोसिएशन पदाधिकारियों ने यह भी अवगत कराया कि पेट्रोल पंपों पर लंबी दूरी तय करने वाले वाहनों को केवल 2 हजार से 5 हजार रुपये तक का ही डीज़ल दिया जा रहा है। इसके कारण सामान्यतः तीन दिन में पूरा होने वाला सफर अब दस दिन तक पहुंच रहा है। इससे परिवहन व्यवसायियों, वाहन चालकों और मजदूर वर्ग की आजीविका पर गंभीर असर पड़ रहा है।
मुलाकात के दौरान बीकानेर ट्रांसपोर्ट एसोसिएशन के श्री जनक हर्ष, श्री राजेश मुंजाल, श्री धीरज एवं श्री साक्षु कटारिया भी उपस्थित रहे।
प्रतिनिधिमंडल ने परिवहन क्षेत्र से जुड़े लाखों लोगों के हितों की रक्षा और समस्याओं के शीघ्र समाधान के लिए सकारात्मक पहल की मांग की।