{"vars":{"id": "127470:4976"}}

Bikaner Ward Lottery : OBC आरक्षण में गलती से 17 वार्ड निकले, पर्ची निकालकर संख्या 16 की

जेठानन्द बोले- काम के दम पर सभी 80 सीटें जीतेंगे, कांग्रेस का हमला - भाजपा सरकार से त्रस्त जनता देगी जवाब,
 

 

 

Rudra News Express Bikaner. 

बीकानेर जिले में आगामी निकाय चुनावों को लेकर लंबे समय से चल रही तैयारियों के बीच जिले के एक नगर निगम और छह नगर पालिकाओं के कुल 270 वार्डों की आरक्षण लॉटरी पूरी हो गई। करीब ढाई घंटे चली प्रक्रिया के बाद वार्डों का आरक्षण तय होते ही शहरों और कस्बों में चुनावी समीकरण बदल गए। कई संभावित दावेदारों की उम्मीदों पर आरक्षण ने पानी फेर दिया, वहीं नए चेहरों के लिए चुनावी मैदान खुल गया है।

OBC आरक्षण को लेकर हुई गलती, दुबारा निकाली पर्ची : 

लॉटरी के दौरान OBC आरक्षण को लेकर एक तकनीकी गलती सामने आई। निर्धारित 16 वार्डों के बजाय 17 वार्ड OBC के लिए निकल गए। इसके बाद लॉटरी प्रक्रिया के तहत ही एक पर्ची वापस निकालने का निर्णय लिया गया। वार्ड संख्या 28 की पर्ची बाहर निकाली गई, जिसके बाद OBC आरक्षित वार्डों की संख्या फिर से 16 हो गई। इस घटनाक्रम ने लॉटरी के दौरान खासा ध्यान खींचा।

ये है जिले की वार्डवार आरक्षण तस्वीर : 

कुल 270 वार्डों में 39 वार्ड अनुसूचित जाति, 54 वार्ड OBC और 177 वार्ड अनारक्षित रखे गए हैं। इनमें 76 वार्ड महिलाओं के लिए आरक्षित हैं। जिले के किसी भी निकाय में ST वर्ग के लिए वार्ड आरक्षित नहीं किया गया है। सबसे बड़ा निकाय बीकानेर नगर निगम है, जिसमें 80 वार्ड हैं। नोखा में 45, श्रीडूंगरगढ़ में 40, लूणकरणसर में 35, देशनोक और नापासर में 25-25 तथा खाजूवाला में 20 वार्ड हैं।

नगर निगम में 55 वार्ड अनारक्षित : 

बीकानेर नगर निगम के 80 वार्डों में SC के लिए 9 और OBC के लिए 16 वार्ड आरक्षित किए गए हैं। शेष 55 वार्ड अनारक्षित रहेंगे। इनमें 37 अनारक्षित पुरुष और 18 अनारक्षित महिला वार्ड हैं। SC के तीन वार्ड महिला और छह वार्ड ओपन श्रेणी में हैं, जबकि OBC के पांच वार्ड महिला और 11 वार्ड ओपन श्रेणी में रखे गए हैं।

नोखा में OBC को अवसर : 

नोखा नगर पालिका के 45 वार्डों में SC के पांच और OBC के नौ वार्ड आरक्षित हैं। OBC के छह वार्ड ओपन और तीन महिला वर्ग के लिए हैं। यहां पालिका प्रमुख का पद भी OBC ओपन श्रेणी में है, यानी OBC वर्ग के महिला या पुरुष दोनों को अवसर मिलेगा।

खाजूवाला-लूणकरणसर में भी OBC समीकरण : 

खाजूवाला के 20 वार्डों में तीन SC और चार OBC वार्ड आरक्षित किए गए हैं। लूणकरणसर के 35 वार्डों में छह SC और सात OBC वार्ड हैं। दोनों नई पालिकाओं में OBC वर्ग के महिला या पुरुष के लिए पालिका प्रमुख का अवसर रहेगा। देशनोक के 25 वार्डों में छह SC और पांच OBC वार्ड आरक्षित हैं।

नापासर में पहली बार SC महिला को मौका : 

नापासर नगर पालिका के गठन के बाद होने वाले पहले चुनाव में अध्यक्ष पद SC महिला के लिए आरक्षित रहेगा। यहां 25 वार्डों में छह SC और पांच OBC वार्ड आरक्षित किए गए हैं। OBC के दो वार्ड महिलाओं के लिए हैं।

दावों से गरमाया चुनावी माहौल

लॉटरी पूरी होते ही राजनीतिक दलों ने अपने-अपने जीत के दावे शुरू कर दिए। कांग्रेस शहर अध्यक्ष मदन मेघवाल ने कहा कि जनता भाजपा सरकार से त्रस्त है और बीकानेर नगर निगम में कांग्रेस दो-तिहाई सीटों पर जीत दर्ज करेगी। वहीं भाजपा विधायक जेठानंद व्यास ने दावा किया कि भाजपा 80 में से 80 वार्डों में जीत दर्ज करेगी। उन्होंने कहा कि भाजपा काम के दम पर चुनाव मैदान में उतरेगी।

अब आरक्षण की तस्वीर साफ होने के बाद राजनीतिक दलों के सामने सबसे बड़ी चुनौती अपने संभावित प्रत्याशियों का चयन करना होगी। वार्डों के नए आरक्षण ने कई मौजूदा पार्षदों की दावेदारी प्रभावित की है, जबकि नए दावेदारों के लिए भी रास्ते खुले हैं। आने वाले दिनों में टिकटों को लेकर दोनों प्रमुख दलों में बैठकों और दावेदारों की सक्रियता बढ़ना तय माना जा रहा है।