Bikaner Water Bill: फोनपे ऐप से होगा भुगतान, बिल नहीं मिला तो भी देख सकेंगे बकाया राशि
Rudra News Express Bikaner.
बीकानेर शहर के जल उपभोक्ताओं के लिए राहत की खबर है। अब पानी का बिल जमा कराने के लिए जलदाय विभाग के कार्यालय या ई-मित्र केंद्र के चक्कर लगाने की जरूरत नहीं होगी। जलदाय विभाग ने फोनपे ऐप के जरिए घर बैठे पानी का बिल ऑनलाइन जमा करने की सुविधा शुरू की है।
जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग, नगर वृत्त बीकानेर के अधीक्षण अभियंता जे.के. चारण ने बताया कि उपभोक्ता अपने मोबाइल से किसी भी समय पानी के बिल की बकाया राशि देख सकेंगे और ऑनलाइन भुगतान कर सकेंगे। विभाग के मुताबिक जानकारी के अभाव में अभी भी कई उपभोक्ता इस सुविधा का लाभ नहीं उठा पा रहे हैं।
ऐसे भरें फोनपे से पानी का बिल :
फोनपे से जल शुल्क जमा करने के लिए उपभोक्ता को ऐप खोलकर Recharge & Bills अथवा Bill Payments विकल्प में जाना होगा। इसके बाद Water (जल शुल्क) का विकल्प चुनकर संबंधित विभाग के बिलर का चयन करना होगा। यहां पानी के बिल पर दर्ज Consumer ID डालने के बाद खाते में बकाया राशि स्क्रीन पर दिखाई देगी।
राशि का सत्यापन करने के बाद उपभोक्ता ऑनलाइन भुगतान कर सकता है। भुगतान पूरा होने के बाद मिलने वाली Payment Confirmation/Receipt को सुरक्षित रखना भी उपयोगी रहेगा।
बिल नहीं मिला तो भी पता चलेगा कितना बकाया :
विभाग ने बताया कि पानी का बिल सामान्यतः दो महीने में एक बार जारी होता है। कई बार किसी कारण से उपभोक्ता को बिल की भौतिक प्रति नहीं मिल पाती। ऐसी स्थिति में भी उपभोक्ता को परेशान होने की जरूरत नहीं है। Consumer ID के जरिए फोनपे पर खाते में दर्ज बकाया राशि देखी जा सकती है और वहीं से भुगतान भी किया जा सकता है।
समय और मेहनत दोनों बचेंगे :
ऑनलाइन भुगतान की सुविधा से उपभोक्ताओं को विभागीय कार्यालय या ई-मित्र केंद्र तक जाने की जरूरत नहीं होगी। इससे समय, श्रम और आवागमन का खर्च बचने के साथ जल शुल्क भुगतान व्यवस्था भी अधिक सुगम और पारदर्शी होगी।
अधीक्षण अभियंता जे.के. चारण ने शहर के सभी जल उपभोक्ताओं से डिजिटल सुविधा का अधिकाधिक उपयोग करने और पानी के बिल का भुगतान निर्धारित समय पर करने की अपील की है।