Bikaner West : नव मतदाता पंजीकरण की धीमी प्रगति, 30 बीएलओ को नोटिस, 23 तक स्पष्टीकरण मांगा
Rudra News Express Bikaner.
18 से 19 वर्ष आयु वर्ग के नव मतदाताओं तथा पंजीकरण से वंचित पात्र नागरिकों के नाम मतदाता सूची में जोड़ने के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसके तहत बीकानेर पश्चिम विधानसभा निर्वाचन क्षेत्र में पंजीकरण की धीमी प्रगति पर 30 कमजोर प्रदर्शन वाले बूथ स्तरीय अधिकारियों (बीएलओ) को कारण बताओ नोटिस जारी किए गए हैं।
निर्वाचक पंजीयन अधिकारी, बीकानेर पश्चिम विधानसभा क्षेत्र एवं अतिरिक्त जिला मजिस्ट्रेट (नगर) रीना छींपा की अध्यक्षता में इस संबंध में समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में सहायक निर्वाचक पंजीयन अधिकारी (तहसीलदार) विवेक चौधरी, नायब तहसीलदार मनोज पुरोहित सहित क्षेत्र के समस्त सुपरवाइजर तथा न्यूनतम प्रगति वाले 30 बीएलओ उपस्थित रहे।
बैठक में 1 से 20 अक्टूबर तक की अवधि में नव मतदाता पंजीकरण की प्रगति की समीक्षा की गई। इस दौरान संबंधित 30 बीएलओ की लक्ष्य प्राप्ति लगभग 2.63 प्रतिशत से 15.15 प्रतिशत के बीच रही, जो अपेक्षित स्तर से काफी कम है।
निर्वाचक पंजीयन अधिकारी ने 30 बीएलओ को कारण बताओ नोटिस जारी करते हुए 23 अक्टूबर तक लिखित स्पष्टीकरण प्रस्तुत करने के निर्देश दिए हैं। साथ ही, 18 से 19 वर्ष आयु वर्ग के पात्र युवाओं के नाम मतदाता सूची में जोड़ने के लिए फॉर्म-6 भरवाने की प्रक्रिया में तेजी लाने तथा पंजीकरण कार्य में तत्काल सुधार करने के निर्देश दिए गए हैं।
बैठक में सभी सुपरवाइजर को अपने अधीनस्थ बीएलओ के कार्यों की नियमित मॉनिटरिंग करने तथा निर्धारित लक्ष्यों के अनुरूप प्रगति सुनिश्चित करने के लिए निर्देशित किया गया। निर्धारित समयावधि में स्पष्टीकरण प्रस्तुत नहीं करने अथवा पंजीकरण कार्य में अपेक्षित सुधार नहीं होने पर संबंधित कार्मिकों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।