Bikaner : सुसाइड नोट छोड़ दो बेटियों के साथ महिला लापता, नहर किनारे चप्पल-लुगड़ी मिली
ओढनी, लेडिज चप्पल के साथ एक नोट-बेहोश होने तक मारते हैं, बेटियों के साथ
RNE Bikaner.
राजस्थान के बीकानेर जिले में शुक्रवार को दिल दहला देने वाला मामला सामने आया। एक महिला अपनी दो मासूम बेटियों के साथ संदिग्ध परिस्थितियों में लापता हो गई। इंदिरा गांधी नहर के किनारे महिला की चप्पल, लुगड़ी (ओढ़नी) ज्वेलरी और सुसाइड नोट मिलने से नहर में कूदकर आत्महत्या की आशंका जताई जा रही है।
घटना सुबह करीब 10 बजे छतरगढ़ थाना क्षेत्र के सतासर के पास की बताई जा रही है। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और नहर में महिला व दोनों बच्चियों की तलाश शुरू कर दी। सर्च ऑपरेशन के लिए SDRF टीम और गोताखोरों को लगाया गया है, लेकिन देर शाम तक उनका कोई सुराग नहीं लग पाया।
खाजूवाला के डीएसपी अमरजीत चावला ने बताया कि नहर किनारे महिला की चप्पल और लुगड़ी के साथ गले के हार से दबा हुआ सुसाइड नोट मिला है। सूचना मिलते ही नवनीत सिंह पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और आसपास के इलाके में जांच शुरू की।
सास-पति पर ये गंभीर आरोप
सुसाइड नोट में महिला के पति और सास पर लंबे समय से मारपीट और प्रताड़ना करने के आरोप लगाए हैं। लिखा है कि उसे अक्सर रात में पीटा जाता था और कई बार वह बेहोश तक हो जाती थी। यह भी आरोप लगाया कि ससुराल पक्ष उसे मायके जाने नहीं देता था। नोट में लिखा कि वह अपनी दोनों बेटियों को साथ लेकर आत्महत्या करने जा रही है। साथ ही पुलिस से अपील की कि उसकी मौत के लिए उसके पति और सास को जिम्मेदार ठहराया जाए और किसी अन्य को झूठा आरोपी न बनाया जाए।
घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के गांवों के लोग बड़ी संख्या में नहर किनारे पहुंच गए और पुलिस के साथ तलाश अभियान में मदद कर रहे हैं। पुलिस सुसाइड नोट की जांच के साथ ही परिजनों से पूछताछ कर पूरे मामले की पड़ताल कर रही है।