{"vars":{"id": "127470:4976"}}

बीकानेर मूल के निकेश शंकर आचार्य ने इंग्लैंड में रचा इतिहास, अंडर-8 में ब्लिट्ज, रैपिड और स्टैंडर्ड चैंपियन

 

Rudra News Express International Desk.

 

बीकानेर की प्रतिभा ने एक बार फिर अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बनाई है। बीकानेर मूल के नन्हे शतरंज खिलाड़ी निकेश शंकर आचार्य, पुत्र नृपेन शंकर आचार्य, ने इंग्लैंड में आयोजित ब्रिटिश जूनियर चैस चैंपियनशिप के अंडर-8 वर्ग में शानदार प्रदर्शन करते हुए तीनों खिताब अपने नाम कर लिए।

 

इंग्लैंड के यूनिवर्सिटी ऑफ वारविक में 1 से 8 अगस्त तक आयोजित प्रतियोगिता में निकेश ने ब्लिट्ज, रैपिड और स्टैंडर्ड—तीनों प्रारूपों में शीर्ष स्थान हासिल किया। उनकी इस उपलब्धि को बीकानेर सहित राजस्थान के लिए गौरव का विषय माना जा रहा है।

निकेश ने ब्लिट्ज में 7 में से 6 अंक, रैपिड में 7 में से 7 अंक और स्टैंडर्ड में 7 में से 6.5 अंक हासिल किए। खास बात यह रही कि रैपिड वर्ग में निकेश ने अपने सभी मुकाबले जीतकर 7/7 का परफेक्ट स्कोर बनाया।

यह निकेश की लगातार दूसरी बड़ी उपलब्धि है। उन्होंने गत वर्ष भी अंडर-7 वर्ग में शानदार प्रदर्शन करते हुए अपनी प्रतिभा का परिचय दिया था। महज छोटी उम्र में शतरंज की बिसात पर लगातार बेहतर प्रदर्शन कर रहे निकेश ने इस बार तीनों प्रारूपों में खिताब जीतकर अपनी प्रतिभा को और मजबूत तरीके से साबित किया है।

निकेश की इस उपलब्धि से उनके परिवार के साथ-साथ बीकानेर के खेल प्रेमियों में भी खुशी है। इतनी कम उम्र में अंतरराष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिता में तीन खिताब जीतना नन्हें शतरंज खिलाड़ी के उज्ज्वल भविष्य की ओर संकेत करता है।