नेशनल बॉक्सिंग प्रतियोगिता में बीकानेर की बेटियों ने लहराया परचम
RNE Bikaner
बीकानेर। बीकानेर के लिए यह गर्व और हर्ष का विषय है कि हरियाणा के कैथल स्थित आरकेएसडी पब्लिक स्कूल में 15 से 20 अक्टूबर 2026 तक आयोजित सीबीएसई नेशनल बालिका बॉक्सिंग प्रतियोगिता में बीकानेर की प्रतिभाशाली बालिका मुक्केबाजों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए जिले का नाम रोशन किया।
इस राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिता में बीकानेर की गर्विता चौधरी ने स्वर्ण पदक जीतकर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया। वहीं, बेनेश, वंशिका एवं हर्षिता ने कांस्य पदक प्राप्त कर बीकानेर को गौरवान्वित किया।
विशेष उल्लेखनीय है कि गर्विता चौधरी इससे पूर्व भी अनेक राष्ट्रीय स्तर की बॉक्सिंग प्रतियोगिताओं में राजस्थान का प्रतिनिधित्व कर चुकी हैं। उनके अनुभव, निरंतर अभ्यास और उत्कृष्ट खेल प्रदर्शन ने एक बार फिर उनकी प्रतिभा को साबित किया है। स्वर्ण पदक जीतकर उन्होंने बीकानेर की अन्य बालिका मुक्केबाजों के लिए भी प्रेरणादायक उदाहरण प्रस्तुत किया है।
गर्विता चौधरी की इस शानदार सफलता के पीछे बीकानेर के वरिष्ठ बॉक्सिंग कोच राजेन्द्र सिंह राठौड़ का निरंतर मार्गदर्शन, कठिन प्रशिक्षण और तकनीकी दक्षता विकसित करने के लिए किया गया अथक परिश्रम महत्वपूर्ण रहा है। राजेन्द्र सिंह राठौड़ लंबे समय से गर्विता को बॉक्सिंग की बारीकियों, बेहतर तकनीक, पंचों की सटीकता, रिंग में रणनीति और मुकाबले के दौरान आत्मविश्वास बनाए रखने के लिए नियमित रूप से प्रशिक्षित कर रहे हैं। उनके अनुभवपूर्ण मार्गदर्शन, अनुशासित अभ्यास और खिलाड़ी की मेहनत के बेहतरीन समन्वय का परिणाम है कि गर्विता ने राष्ट्रीय स्तर की इस प्रतिष्ठित प्रतियोगिता में स्वर्ण पदक जीतकर बीकानेर का गौरव बढ़ाया। यह उपलब्धि कोच और खिलाड़ी के बीच समर्पण, विश्वास तथा निरंतर मेहनत का उत्कृष्ट उदाहरण है।
इस उपलब्धि पर बॉक्सिंग कोच राजेन्द्र सिंह राठौड़, ब्लॉसम इंटरनेशनल स्कूल के डायरेक्टर प्रदीप सिंह शेखावत, जिला बॉक्सिंग संघ के अध्यक्ष मकबूल हुसैन सोढ़ा, कोच विजेन्द्र रंगा, बॉक्सिंग संघ की आयोजन समिति के चेयरमैन एवं पूर्व सरपंच राजपाल कुल्हरी, बास्केटबॉल के पूर्व कप्तान दानवीर सिंह भाटी, भैरुरतन ओझा, शीशपाल सिंह शेखावत, सीताराम सियाग, जिला कबड्डी संघ के अध्यक्ष महेन्द्र कुमार व्यास एवं भूपेंद्र सिंह राठौड़ ने सभी खिलाड़ियों को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएँ प्रेषित कीं।
सभी ने खिलाड़ियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए विश्वास व्यक्त किया कि बीकानेर की बेटियाँ भविष्य में भी राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर शानदार प्रदर्शन कर जिले और प्रदेश का नाम रोशन करती रहेंगी।