BJP President Change : दिल्ली में हर्ष मल्होत्रा, हरियाणा में अर्चना गुप्ता को कमान; पंजाब-त्रिपुरा में भी नए चेहरे
RNE New Delhi.
भारतीय जनता पार्टी ने संगठन में बड़ा फेरबदल करते हुए दिल्ली, हरियाणा, पंजाब और त्रिपुरा के नए प्रदेश अध्यक्षों की घोषणा कर दी है। पार्टी ने दिल्ली में वीरेंद्र सचदेवा की जगह केंद्रीय मंत्री हर्ष मल्होत्रा को प्रदेश अध्यक्ष बनाया है, जबकि हरियाणा में डॉ. अर्चना गुप्ता को कमान सौंपी गई है।
बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने चारों राज्यों के नए प्रदेश अध्यक्षों के नामों की घोषणा की। इसके तहत पंजाब में सरदार केवल सिंह ढिल्लो और त्रिपुरा में अभिषेक देबरॉय को प्रदेश अध्यक्ष नियुक्त किया गया है।
दिल्ली की कमान हर्ष मल्होत्रा के हाथ :
हर्ष मल्होत्रा दिल्ली बीजेपी के वरिष्ठ नेता और सांसद हैं। वे केंद्र सरकार में मंत्री भी हैं। पार्टी ने पिछला लोकसभा चुनाव उन्हें गौतम गंभीर की जगह टिकट देकर लड़वाया था। संगठनात्मक राजनीति में लंबे समय से सक्रिय मल्होत्रा को दिल्ली बीजेपी में मजबूत जनसंपर्क और संगठन क्षमता के लिए जाना जाता है।
हरियाणा में महिला नेतृत्व पर दांव :
हरियाणा बीजेपी की नई प्रदेश अध्यक्ष बनीं डॉ. अर्चना गुप्ता पेशे से डॉक्टर और लंबे समय से पार्टी संगठन में सक्रिय हैं। पार्टी ने महिला नेतृत्व को मजबूत करने के उद्देश्य से उन्हें यह जिम्मेदारी सौंपी है। संगठन में उनकी मजबूत पकड़ मानी जाती है।
पंजाब में केवल सिंह ढिल्लो पर भरोसा :
पंजाब में बीजेपी ने सरदार केवल सिंह ढिल्लो को प्रदेश अध्यक्ष बनाया है। वे बरनाला से दो बार विधायक रह चुके हैं। 2027 विधानसभा चुनावों को देखते हुए पार्टी ने अनुभवी चेहरे पर दांव लगाया है। विकास कार्यों को प्राथमिकता देने वाले नेता के रूप में उनकी पहचान रही है।
त्रिपुरा में अभिषेक देबरॉय को जिम्मेदारी :
त्रिपुरा में अभिषेक देबरॉय को प्रदेश अध्यक्ष बनाया गया है। वे लंबे समय से भाजपा संगठन में सक्रिय हैं और पार्टी अभियानों में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते रहे हैं। पार्टी नेतृत्व को उनसे राज्य में संगठन विस्तार और जनाधार मजबूत करने की उम्मीद है।