BKESL : ट्रांसफार्मर से फ्यूज चोरी की वारदातें बढ़ी, क्या चांदी के भाव से है कनेक्शन?
RNE Bikaner.
बीकानेर में यूं तो रख-रखाव के लिए हर दिन कई इलाकों में बिजली कटौती होती है लेकिन कई इलाकों में बार-बार अघोषित बिजली बंद हो रही है। बिजली बंद होने की इन घटनाओं की वजह काफी हैरान करने वाली है। जानकारी सामने आई है कि बिजली के ट्रांसफार्मरों में से उच्च रप्चरिंग क्षमता (HRC) फ्यूज चोरी हो रहे हैं। चोरी के ये घटनाएं इतनी ज्यादा बढ़ गई है कि BKESL कंपनी ने कई थानों में अज्ञात लोगों के खिलाफ परिवाद भी दिए हैं।
BKESL के प्रवक्ता के मुताबिक शहर के विभिन्न क्षेत्रों में वितरण ट्रांसफार्मरों से एचआरसी फ्यूज चोरी की घटनाएं बढ़ रही हैं। चोरी की अधिकांश घटनाएं एक साल में दर्ज की गई हैं।
बीकेईएसएल के सीओओ हरीश चंद्र सिंह ने बताया कि इन चोरी की घटनाओं के कारण विभिन्न क्षेत्रों में लंबे समय तक विद्युत आपूर्ति बाधित हो रही है। इससे उपभोक्ताओं, व्यापारिक प्रतिष्ठानों, शिक्षण संस्थानों एवं धार्मिक स्थलों को असुविधा का सामना करना पड़ा है।
उन्होंने बताया कि एचआरसी फ्यूज चोरी एक गंभीर एवं दंडनीय अपराध है। इससे न केवल विद्युत तंत्र को क्षति पहुंचती है, बल्कि आपूर्ति बहाली में भी काफी समय लगता है।
बीकेईएसएल ने इस संबंध में संबंधित पुलिस थानों में अज्ञात असामाजिक तत्वों के विरुद्ध शिकायत भी दर्ज कराई है। मामले की जांच जारी है तथा दोषियों के विरुद्ध विद्युत अधिनियम के तहत कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
सिंह ने आम नागरिकों से अपील की है कि वितरण ट्रांसफार्मर, पोल अथवा विद्युत उपकरणों के आसपास किसी संदिग्ध गतिविधि की तुरंत सूचना दें। ऐसी घटनाओं की जानकारी बीकेईएसएल कंट्रोल रूम के मोबाइल नम्बर 9116155021 पर दें।
इन इलाकों में हो रही चोरी की घटनाएं :
रानीसर, प्रताप बस्ती कब्रिस्तान, एस्कॉर्ट क्षेत्र, 4 नं. डिस्पेंसरी, यूको बैंक क्षेत्र, संखला प्लेस, जीत सिंह क्षेत्र, धोलामारू, डुप्लीन कॉलोनी, नशा मुक्ति केंद्र, सुदर्शन नगर, वल्लभ गार्डन, केलागोडाम, , डॉ. महेश हाउस, आचार्यों की बगीची, रामपुरिया, चोटीना, नवल सागर, गौशाला, जवाहर नगर, रंजीत सिंह क्षेत्र, नाथूसर, चेतनानंद, तिलक नगर, सोफिया स्कूल क्षेत्र, सेंट्रल स्कूल, गुलमोहर पार्क, पवनपुरी, सादुलगंज, रतन बिहारी, जीरो प्वाइंट, मौसम विभाग क्षेत्र, भिनासर, गंगाशहर, व्यापार नगर,
चौपड़ा स्कूल, घड़सीसर, बिनानी चौक, जस्सूसर, सोनगिरी, एम.पी. नगर, रामपुरा बायपास, कबीर आश्रम, चूना भट्टा, जेलवेल, बख्तावर सागर, सिटी न्यू, वाटर वर्क्स, गंगाशहर, चौधर कॉलोनी, नाथूसर टंकी, सूरदासाणी, गांधी मस्जिद, कालाकोटी, रेलवे क्षेत्र, शमशान के पास, अस्पताल क्षेत्र, स्कूल परिसरों, मंदिर क्षेत्रों एवं अन्य आसपास की कॉलोनियाँ आदि इलाकों में फ्यूज चोरी की घटनाएं सर्वाधिक हो रही।
क्या चांदी के लिए हो रही यह चोरी :
जानकारी के मुताबिक ट्रांसफार्मर में उपयोग होने वाले उच्च रप्चरिंग क्षमता (HRC) फ्यूज के मुख्य धारा प्रवाहित करने वाले तत्व (fuse element) में चांदी (Silver) होती है। चांदी का उपयोग कम प्रतिरोध के कारण किया जाता है ताकि यह सामान्य करंट को बिना नुकसान के ले जा सके। ऐसे में आशंका है कि चांदी का तार होने के कारण यह चोरियां हो रही है। आशंका है कि इस धातु के भाव बढ़ने से चोरियों की वारदात बढ़ रही है।