BKESL ने निगम के नोटिस पर कहा- एक करोड़ से ज्यादा जमा, कोई बकाया नहीं
Mar 22, 2026, 17:29 IST
RNE Bikaner.
बीकानेर शहर में यूडी टैक्स को लेकर नगर निगम और बिजली वितरण कंपनी BKESL के बीच विवाद गहरा गया है। नगर निगम ने BKESL को नोटिस देकर बकाया यूडी टैक्स चुकाने को कहा है। ऐसा नहीं करने पर सब- स्टेशन सहित संपत्तियां कुर्क करने की चेतावनी दी है।
इस नोटिस के जवाब में कंपनी ने साफ किया है कि उस पर नगर निगम का कोई भी यूडी टैक्स बकाया नहीं है और टेकओवर के बाद से हर वर्ष नियमित भुगतान किया जा रहा है।
बीकेईएसएल के सीओओ हरीश चंद्र सिंह ने बताया कि निगम से मिले नोटिस के जवाब में आयुक्त को पत्र भेजकर स्थिति स्पष्ट कर दी गई है। कंपनी के अनुसार 16 जून 2017 को शहर की विद्युत वितरण व्यवस्था संभालने के बाद से वर्ष 2024-25 तक लगातार यूडी टैक्स जमा कराया गया है और अब तक करीब 1 करोड़ 5 लाख रुपए निगम को दिए जा चुके हैं। वर्ष 2025-26 का मांग पत्र मिलते ही भुगतान भी कर दिया जाएगा।
पिछले बकाया के लिए डिस्कॉम जिम्मेदार :
कंपनी का कहना है कि जो बकाया बताया जा रहा है, वह जून 2017 से पहले का है, जब बिजली व्यवस्था जोधपुर डिस्कॉम के पास थी। इस संबंध में डिस्कॉम के जोनल मुख्य अभियंता को भी पत्र लिखकर स्थिति स्पष्ट करने को कहा गया है।
सूत्रों के अनुसार, निगम अधिकारियों ने भी संकेत दिए हैं कि बकाया राशि बीकेईएसएल के संचालन से पहले की हो सकती है। कंपनी ने अपने पत्र में स्पष्ट किया है कि शहर के सब स्टेशन और संपत्तियां डिस्कॉम की हैं, ऐसे में पूर्व अवधि के टैक्स की जिम्मेदारी भी उसी की बनती है।
बीकेईएसएल ने चेतावनी दी है कि यदि बकाया को लेकर किसी प्रकार की कुर्की कार्रवाई होती है, तो इससे शहर की बिजली व्यवस्था प्रभावित हो सकती है, जिससे आवश्यक सेवाओं पर असर पड़ने के साथ कानून-व्यवस्था की स्थिति भी बिगड़ सकती है।