{"vars":{"id": "127470:4976"}}

BKESL की अपील: आखातीज पर पतंगबाजी का उत्साह रहे लेकिन सुरक्षित रहने को ये तरीके अपनाएं

 

RNE BIKANER.

आखातीज के अवसर पर शहर में पतंगबाजी को लेकर खासा उत्साह है। छतों पर रंग-बिरंगी पतंगों के बीच खुशियों का माहौल बनने वाला है। इस बीच बीकानेर में विद्युत वितरण कर रही बीकेईएसएल (BKESL) ने आमजन से अपील की है कि पतंग उड़ाते समय सुरक्षा नियमों का पालन जरूर करें, ताकि किसी भी तरह की दुर्घटना से बचा जा सके।

बीकेईएसएल के अनुसार, पतंग उड़ाते समय बिजली लाइनों से पर्याप्त दूरी बनाए रखना बेहद जरूरी है। यदि पतंग किसी विद्युत तार में फंस जाए तो उसे उतारने का प्रयास नहीं करें। विशेष रूप से लोहे, एल्यूमीनियम के पाइप, सरिए या गीली लकड़ी का उपयोग करना जानलेवा हो सकता है, क्योंकि इनमें करंट प्रवाहित हो सकता है।
कंपनी ने चेताया है कि चाइनीज या मेटल युक्त मांझा सबसे ज्यादा खतरनाक साबित हो रहा है। यह मांझा बिजली के संपर्क में आते ही करंट का माध्यम बन सकता है, जिससे गंभीर हादसे हो सकते हैं। साथ ही, इससे विद्युत लाइनों में फॉल्ट और घरों में हाई वोल्टेज की समस्या भी पैदा हो सकती है।
बीकेईएसएल ने लोगों से खुले स्थानों पर पतंग उड़ाने और बच्चों को अकेला नहीं छोड़ने की सलाह दी है। वहीं, कटी पतंग लूटने के दौरान सड़क या ट्रांसफॉर्मर के पास जाने से बचने को कहा गया है, क्योंकि यह जानलेवा साबित हो सकता है।
किसी भी बिजली संबंधी समस्या या शिकायत के लिए उपभोक्ता कॉल सेंटर 0141-3532000 पर संपर्क कर सकते हैं।