राज्य स्तरीय प्रतियोगिता के लिए बालक-बालिकाओं का होगा चयन
RNE Bikaner
बीकानेर। जिला जिम्नास्टिक संघ के अध्यक्ष सीए सुधीश शर्मा ने बताया कि बीकानेर द्वारा प्रथम जिला यूथ जिम्नास्टिक प्रतियोगिता का आयोजन 20 अक्टूबर 2026 को सादुल स्पोर्ट्स स्कूल, बीकानेर में किया जाएगा। इस प्रतियोगिता के माध्यम से आगामी प्रथम राजस्थान राज्य यूथ आर्टिस्टिक जिम्नास्टिक प्रतियोगिता 2026-27 के लिए बीकानेर जिले के प्रतिभाशाली खिलाड़ियों का चयन किया जाएगा। राज्य स्तरीय प्रतियोगिता 2 से 4 नवंबर 2026 तक डॉ. करणी सिंह स्टेडियम, बीकानेर में आयोजित होगी।
जिम्नास्टिक प्रशिक्षक संतोष नायक ने बताया कि जिला स्तरीय प्रतियोगिता में 10 से 16 वर्ष आयु वर्ग के बालक एवं बालिकाएं भाग ले सकेंगे। प्रतियोगिता का उद्देश्य जिले में जिम्नास्टिक खेल को प्रोत्साहित करना तथा युवा खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने का अवसर प्रदान करना है।
जिला जिम्नास्टिक संघ के अनुसार, प्रतियोगिता में भाग लेने के इच्छुक खिलाड़ी आयोजन सचिव श्री प्रदीप सिंह पंवार से संपर्क कर अपना पंजीकरण करवा सकते हैं। पंजीकरण के लिए खिलाड़ियों को आधार कार्ड, बैंक खाते का विवरण, आयु प्रमाण-पत्र तथा दो पासपोर्ट साइज फोटो साथ लाना अनिवार्य होगा।
जिला जिम्नास्टिक संघ ने जिले के सभी पात्र खिलाड़ियों एवं उनके अभिभावकों से अपील की है कि वे इस प्रतियोगिता में अधिकाधिक भागीदारी सुनिश्चित करें, ताकि जिले की खेल प्रतिभाओं को आगे बढ़ने तथा राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में बीकानेर का प्रतिनिधित्व करने का अवसर मिल सके।