{"vars":{"id": "127470:4976"}}

जलसंकट पर मंथन : पेयजल व्यवस्था सुधारने के लिए बनेगी नई डीपीआर, पेरी-अर्बन गांव भी होंगे योजना में शामिल
 

5 हजार से ज्यादा बकाया वाले उपभोक्ताओं को नोटिस, गर्मी से पहले 7 दिन में तैयार होगा समर कंटिंजेंसी प्लान, 300 जल पुनर्भरण संरचनाओं का लक्ष्य
 

RNE BIKANER

बीकानेर, जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग, नगर वृत्त के कार्यालय में अधीक्षण अभियंता श्री जे.के. चारण की अध्यक्षता में विभागीय मासिक समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में विभिन्न पेयजल योजनाओं की प्रगति, राजस्व वसूली, जल संरक्षण, ग्रीष्मकालीन पेयजल व्यवस्था तथा जन शिकायतों के निस्तारण की समीक्षा की गई। अधीक्षण अभियंता ने अधिकारियों को निर्धारित लक्ष्यों की समयबद्ध पूर्ति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

पेयजल सेवा स्तर सुधार के लिए तैयार होगी डीपीआर

अधीक्षण अभियंता श्री जे.के. चारण ने बताया कि बीकानेर शहर में पेयजल सेवा स्तर में सुधार के लिए प्रस्तावित डीपीआर तैयार की जाएगी। इसके लिए अधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में ऐसे स्थानों को तत्काल चिह्नित करने के निर्देश दिए गए, जहां निर्धारित मानकों के अनुरूप पेयजल सेवा उपलब्ध नहीं है।

इन क्षेत्रों में वर्तमान जलापूर्ति अवधि, जलापूर्ति की मात्रा, दबाव, कवरेज सहित अन्य आवश्यक तकनीकी विवरणों का डेटा तैयार कर कंसल्टेंट को उपलब्ध करवाया जाएगा, ताकि पेयजल सेवा स्तर में सुधार के लिए समुचित एवं प्रभावी डीपीआर तैयार की जा सके।

पेरी-अर्बन क्षेत्रों को भी पेयजल योजना में किया जाएगा शामिल

अधीक्षण अभियंता श्री चारण ने बताया कि राज्य बजट घोषणा के तहत मुख्यमंत्री जल जीवन मिशन शहरी के अंतर्गत बीकानेर शहर की पेयजल व्यवस्था के लिए तैयार की जाने वाली डीपीआर में शहर की पेरी-अर्बन परिधि के क्षेत्रों को भी शामिल किया जाएगा।

पेरी-अर्बन क्षेत्रों में निर्धारित मानकों के अनुरूप घरेलू पेयजल कनेक्शन एवं पेयजल सेवा स्तर सुनिश्चित करने के लिए आवश्यक सर्वे तथा डेटा संकलन के निर्देश दिए गए। बीडीए द्वारा जारी अधिसूचना में उल्लिखित पेरी-अर्बन क्षेत्र में आने वाले गांवों को पेयजल योजना में शामिल करने के लिए आवश्यक प्रस्ताव तैयार किए जाएंगे।संबंधित सहायक अभियंताओं को आवश्यक डेटा संकलित कर कंसल्टेंट को उपलब्ध करवाने तथा स्थलीय सत्यापन की प्रक्रिया सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।

₹5 हजार से अधिक बकाया पर जारी होंगे नोटिस

बैठक में राजस्व वसूली की समीक्षा करते हुए अधीक्षण अभियंता ने निर्देश दिए कि शहरी क्षेत्र में सरकारी, घरेलू एवं औद्योगिक श्रेणी के जिन उपभोक्ताओं पर ₹5 हजार से अधिक की राशि बकाया है, उन्हें नियमानुसार नोटिस जारी किए जाएं।अधिक बकाया वाले क्षेत्रों में विशेष रेवेन्यू रिकवरी कैंप आयोजित कर प्रभावी वसूली सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। सभी सहायक अभियंताओं को अपने-अपने क्षेत्र में निर्धारित राजस्व वसूली लक्ष्य का शत-प्रतिशत हासिल करने के निर्देश दिए गए। उन्होंने स्पष्ट किया कि राजस्व वसूली में किसी प्रकार की शिथिलता स्वीकार नहीं की जाएगी।

जल संचय जनभागीदारी अभियान 3.0 को गति देने के निर्देश

बैठक में जल संचय जनभागीदारी अभियान 3.0 की प्रगति की भी समीक्षा की गई। बीकानेर शहर के लिए निर्धारित 300 जल पुनर्भरण संरचनाओं के लक्ष्य को समयबद्ध रूप से पूरा करने के निर्देश दिए गए।अधीक्षण अभियंता ने जल संरक्षण कार्यों में व्यापक जनभागीदारी सुनिश्चित करने तथा अभियान को प्रभावी गति देने पर विशेष जोर दिया।

ग्रीष्मकालीन पेयजल व्यवस्था के प्रस्ताव 7 दिवस में होंगे तैयार

आगामी ग्रीष्मकाल में पेयजल व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के लिए सभी उपखंडों से सब-डिवीजनवार समर कंटिंजेंसी प्लान तैयार करवाने के निर्देश दिए गए॥प्रस्ताव में पेयजल स्रोत, पंपिंग व्यवस्था, पाइपलाइन, वैकल्पिक जल स्रोत, टैंकर व्यवस्था, आवश्यक मरम्मत तथा अन्य जरूरी संसाधनों का स्पष्ट विवरण शामिल किया जाएगा। सभी संबंधित प्रस्ताव 7 दिवस में कार्यालय में प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए।

संपर्क प्रकरणों का अधिकतम 7 दिवस में होगा निस्तारण

राजस्थान संपर्क पोर्टल पर प्राप्त शिकायतों की समीक्षा करते हुए अधीक्षण अभियंता ने निर्देश दिए कि विभागीय स्तर पर निस्तारित किए जा सकने वाले प्रकरणों का अधिकतम 7 दिवस में समाधान सुनिश्चित किया जाए।उन्होंने शिकायतों के निस्तारण के साथ-साथ संतुष्टि प्रतिशत बढ़ाने पर भी विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए। इसके अतिरिक्त अन्य माध्यमों एवं मीडिया के माध्यम से प्राप्त पेयजल संबंधी शिकायतों का भी त्वरित निस्तारण सुनिश्चित करने को कहा गया।अधीक्षण अभियंता ने सभी अधिकारियों को निर्देशित किया कि उपरोक्त कार्यों की व्यक्तिगत रूप से मॉनिटरिंग करते हुए निर्धारित समयावधि में लक्ष्यों की पूर्ति सुनिश्चित करें।

पीएमपी पोर्टल पर विद्युत कनेक्शनों की शत-प्रतिशत प्रविष्टि पूर्ण

बैठक में पीएमपी पोर्टल पर विभागीय विद्युत कनेक्शनों से संबंधित विवरण की भी समीक्षा की गई। अधिकारियों ने बताया कि विभागीय विद्युत कनेक्शनों की शत-प्रतिशत प्रविष्टि पूर्ण कर ली गई है॥अधीक्षण अभियंता ने निर्देश दिए कि भविष्य में होने वाले नए विद्युत कनेक्शन, कनेक्शन में परिवर्तन आदि का विवरण भी पीएमपी पोर्टल पर समयबद्ध रूप से अपडेट किया जाए।

बैठक में अधिशासी अभियंता श्री बलबीर सिंह, श्रीमती रितु मिशन, श्री जितेन्द्र सिंह बैंस, सहायक अभियंता श्री बाबूलाल कुमावत, श्री अमित खीचड़, श्री ललित सोनी, कनिष्ठ अभियंता श्री गौरव आचार्य, श्री हंसराज, श्री अरूण चौधरी सहित विभागीय अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।