उद्यमियों से स्वयं मतदान करने के साथ कामगारों एवं आमजन को भी मतदान के लिए प्रेरित करने का आह्वान
RNE Bikaner
बीकानेर, नगरीय निकाय आम चुनाव-2026 के मद्देनजर स्वीप के अंतर्गत गुरुवार को बीकानेर जिला उद्योग संघ सभागार, रानी बाजार में ‘उद्यमी मतदाता संवाद’ कार्यक्रम आयोजित किया गया। जिला निर्वाचन अधिकारी श्री निशांत जैन व स्वीप प्रभारी तथा सीईओ जिला परिषद श्रीमती शैलजा पांडे के निर्देशन में आयोजित कार्यक्रम में उद्यमियों से लोकतंत्र की मजबूती के लिए स्वयं मतदान करने तथा अपने प्रतिष्ठानों में कार्यरत कामगारों सहित समाज के अन्य वर्गों को भी मतदान के लिए प्रेरित करने का आह्वान किया गया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए जिला निर्वाचन अधिकारी कार्यालय की विशेषाधिकारी आईएएस सुश्री स्वाति शर्मा ने कहा कि उद्यमी समाज और अर्थव्यवस्था में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। ऐसे में उनकी जिम्मेदारी है कि वे स्वयं मतदान करें और अपने सामाजिक प्रभाव का उपयोग करते हुए अन्य लोगों को भी मतदान के लिए प्रेरित करें।
स्वीप सह प्रभारी एवं जनसंपर्क अधिकारी श्री सुरेश बिश्नोई ने कहा कि लोकतंत्र में उद्यमियों की भूमिका केवल आर्थिक गतिविधियों तक सीमित नहीं है, बल्कि वे अपने यहां कार्यरत कामगारों और कर्मचारियों को भी मतदान के लिए प्रेरित कर महत्वपूर्ण योगदान दे सकते हैं। उन्होंने कहा कि सही प्रत्याशी का चयन शहर के विकास से सीधे जुड़ा है और बेहतर शहरी विकास का सकारात्मक प्रभाव व्यापार एवं उद्योग पर भी पड़ता है। उन्होंने उद्यमियों से जाति, धर्म, व्यक्तिगत पसंद अथवा किसी भी प्रकार के प्रलोभन से प्रभावित हुए बिना योग्य एवं सही प्रत्याशी का चयन करने की अपील की।
जिला उद्योग केंद्र की महाप्रबंधक श्रीमती मंजू नैन गोदारा ने उपस्थित उद्यमियों को मतदान की शपथ दिलाई। उन्होंने सभी से स्वयं तथा अपने पूरे परिवार के साथ मतदान करने और दूसरों को भी मतदान के लिए प्रेरित करने का आह्वान किया।
स्वीप समन्वयक श्री प्रशांत जोशी ने स्वीप के तहत आयोजित की जा रही विभिन्न मतदाता जागरूकता गतिविधियों की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने कहा कि मतदाता जागरूकता का उद्देश्य प्रत्येक पात्र नागरिक को मतदान के महत्व से अवगत कराते हुए लोकतांत्रिक प्रक्रिया में उसकी सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करना है।कार्यक्रम का मंच संचालन स्वीप टीम के श्री सुधीर मिश्रा ने किया।
इस अवसर पर उद्यमियों में श्री वीरेंद्र किराडू, श्री कमल बोथरा, श्री नरेश मित्तल, श्री अशोक सुराणा, श्री कन्हैयालाल बोथरा, श्री श्याम सोनी, श्री भंवर चांडक, श्री राजीव शर्मा, श्री विमल चोरड़िया, श्री निर्मल पारस, श्री अशोक गहलोत, श्री परता राम चौधरी सहित स्वीप टीम के श्री दीपक जोशी, श्री बजरंग लाल जाट, श्री सहीराम,श्री राम किशन, श्री अमनदीप गोदारा, श्री हीरालाल, जिला उद्योग केंद्र के श्री सोहल लाल जाट एवं अन्य कार्मिक उपस्थित रहे।