{"vars":{"id": "127470:4976"}}

Cencus Bikaner : बीकानेर में जनगणना, 1 मई से स्वगणना, 16 से घर-घर सर्वे

फील्ड ट्रेनर्स को ट्रेनिंग ताकि डेटा संग्रहण सुचारू-सटीक हो
 

RNE Bikaner. 

बीकानेर जिले में राष्ट्रीय महत्व के जनगणना कार्य को लेकर तैयारियां तेज हो गई हैं। प्रशासन ने इसके तहत फील्ड ट्रेनर्स का प्रशिक्षण शुरू कर दिया है, ताकि आगामी चरणों में डेटा संग्रहण कार्य सुचारू रूप से संपन्न हो सके।

जिला जनगणना अधिकारी एवं अतिरिक्त जिला कलेक्टर (प्रशासन) सुरेश कुमार यादव ने बताया कि जनगणना देश के विकास की आधारशिला है। इसके आंकड़ों के आधार पर भविष्य की योजनाएं और सरकारी कार्यक्रम तय किए जाते हैं, इसलिए इस कार्य में किसी भी स्तर पर लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी।

उन्होंने जानकारी दी कि जनगणना का पहला चरण 1 से 15 मई तक स्वगणना (Self Enumeration) के रूप में होगा, जिसमें नागरिक स्वयं अपनी जानकारी दर्ज करेंगे। इसके बाद 16 मई से 14 जून तक प्रगणक और सुपरवाइजर घर-घर जाकर डेटा एकत्र करेंगे।

जिले में 64 और नगर निगम क्षेत्र में 20, कुल 84 फील्ड ट्रेनर्स को चरणबद्ध तरीके से प्रशिक्षण दिया जा रहा है। ये ट्रेनर्स आगे प्रगणकों और सुपरवाइजर्स को प्रशिक्षित करेंगे, जिससे पूरी प्रक्रिया व्यवस्थित तरीके से संचालित हो सके।

प्रशिक्षण के दौरान मास्टर ट्रेनर डॉ. विपिन सैनी, डॉ. वाईबी माथुर और नीरज यादव द्वारा विभिन्न सत्रों में विस्तृत जानकारी दी जा रही है। कार्यक्रम में सांख्यिकी विभाग के संयुक्त निदेशक एवं उप जनगणना अधिकारी धर्मपाल खीचड़ सहित अन्य अधिकारी भी मौजूद रहे।

प्रशासन का लक्ष्य है कि जनगणना कार्य तय समय सीमा में सटीक, पारदर्शी और प्रभावी तरीके से पूरा किया जाए, ताकि विकास योजनाओं के लिए विश्वसनीय डेटा उपलब्ध हो सके।